बन्दा गांव में 48 वर्षों बाद सजा रुद्र महायज्ञ, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा शिवाजीनगर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दसौत पंचायत के मानस मंदिर बन्दा परिसर में गुरुवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां 9 दिवसीय श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ किया गया। यह महायज्ञ 9 अप्रैल से 17 अप्रैल तक चलेगा। लगभग 48 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद गांव में इस तरह का धार्मिक आयोजन होने से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है। महायज्ञ के प्रथम दिन 201 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

सभी कन्याएं और महिलाएं लाल-पीले परिधानों में सुसज्जित होकर बाजा-गाजा, बैंड-बाजा और रथ के साथ पूरे गांव का नगर भ्रमण करती हुई मंदिर परिसर स्थित पुष्कर पोखर पहुंचीं। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडितों द्वारा विधि-विधान से कलश में जल भरवाया गया। इसके बाद श्रद्धालु महिलाएं एवं कन्याएं कलश को लेकर यज्ञ मंडप तक पहुंचीं, जहां विधिवत पूजा अर्चना कर कलश स्थापित किया गया।

महायज्ञ में पांच मुख्य जजमान के रूप में रविंद्र कुमार राय उर्फ रसीला राय, बबलू कुमार राय, उमेश राय, लड्डू लाल राय एवं सच्चिदानंद राय अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे और पूरे अनुष्ठान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यज्ञ संपादन के लिए कुल 16 विद्वान पंडितों की टोली जुटी है, जिनमें दरभंगा जिले के लगमा से 5 पंडित है और 11 पंडित स्थानीय है।

जिसमें से आचार्य मुरलीधर झा, अमरेंद्र झा, मुरारी झा, उदय चंद्र झा, संतोष कुमार झा सहित अन्य पंडित शामिल हैं, यज्ञ स्थल पर 25 देवी-देवताओं की आकर्षक मूर्तियां स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनमें भगवान शंकर, माता पार्वती, गणेश जी, कार्तिकेय, हनुमान जी, ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राधा-कृष्ण, सीता-राम, लक्ष्मण सहित विभिन्न धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गई हैं। इसके अलावा कृष्ण लीला की झांकियां भी दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। पूरे यज्ञ मंडप को गेंदा फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है, जिससे परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि बन्दा गांव में करीब 48 वर्षों बाद इस तरह का विशाल रुद्र महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है, जिससे पूरे गांव में हर्षोल्लास का माहौल है। लोग बढ़-चढ़कर आयोजन में सहयोग कर रहे हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन यज्ञ में शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक स्थलों के महंत एवं संत भी उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ा रहे हैं।

थथिआ स्थान के महंत आत्माराम जी, गुठली स्थान के महंत योगा दास जी, नरघोघी स्थान के महंत शिवराम दास जी, गाहर स्थान के महंत सदानंद दास जी महाराज तथा बरहगामा ठाकुरबाड़ी के पुजारी गोपाल दास सहित कई संत महात्माओं को यज्ञ समिति द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

महायज्ञ के दौरान वृंदावन से पधारे कथावाचक प्रद्युम्नाचार्य जी महाराज द्वारा प्रतिदिन प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। उनके श्रीमुख से राम कथा और कृष्ण लीला का रसपान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। साथ ही वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा धार्मिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हो रही है। इसके अलावा मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां मीना बाजार, झूला एवं अन्य मनोरंजन के साधन मौजूद हैं। प्रतिदिन भंडारा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ो श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेगें।

कार्यक्रम में पूर्व मुखिया नागेंद्र झा, गोपाल जी राय, अरविंद कुमार राय, उमाशंकर राय, रजनीश कुमार राय, भोला राय, अनिरुद्ध राय, अर्जुन राय, उगन राय, गोविंद राय, शंभू राय, इंद्रकांत राय, श्याम सुंदर राय, चंदन राय, प्रशांत कुमार राय, केशव कुमार राय, गिरधर कुमार राय, त्रिदेव राय, गंगा प्रसाद राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी है, बल्कि गांव में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी संदेश दिया है।

प्राथमिक विद्यालय कनखरिया में छात्रों के बीच पाठ्य पुस्तक सेट वितरित, बच्चों में दिखा उत्साह – Doorbeen News

प्राथमिक विद्यालय कनखरिया में छात्रों के बीच पाठ्य पुस्तक सेट वितरित, बच्चों में दिखा उत्साह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *