समस्तीपुर में एचपीवी टीकाकरण की धीमी रफ्तार पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, 11 पीएचसी के अधिकारियों के वेतन पर रोक

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

 

समस्तीपुर जिले में एचपीवी (गार्डासिल) टीकाकरण अभियान की धीमी प्रगति को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने खराब प्रदर्शन करने वाले 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक तथा प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरकों के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई समीक्षा में पाया गया कि जिले के कई प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया है और अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
कार्रवाई की जद में आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में समस्तीपुर, कल्याणपुर, उजियारपुर, दलसिंहसराय, हसनपुर, बिथान, मोरवा, पटोरी, मोहिउद्दीनगर, शिवाजीनगर और विद्यापतिनगर शामिल हैं।

इन सभी केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक और प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरकों के वेतन भुगतान पर रोक लगाई गई है, जब तक कि टीकाकरण अभियान में अपेक्षित सुधार नहीं दिखता।
गौरतलब है कि राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी (गार्डासिल) वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि लक्षित आयु वर्ग की सभी बालिकाओं तक यह टीका समय पर पहुंचे, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सिविल सर्जन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के माध्यम से अभियान को गति दें तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

रोसड़ा गांधी चौक पर गांधी जी की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी – Doorbeen News

रोसड़ा गांधी चौक पर गांधी जी की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *