करेह नदी में नहाने के दौरान 11 वर्षीय बालक लापता, शादी की खुशियां मातम में बदली

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

 

समस्तीपुर: सिंघिया प्रखंड थाना अंतर्गत कुंडल दो पंचायत के राजघाट करेह नदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नहाने के दौरान 11 वर्षीय बालक के लापता हो जाने से इलाके में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोग भी काफी संख्या में मौके पर जुट गए।

लापता बालक की पहचान दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी मोहम्मद सलीम के पुत्र मोहम्मद आमिर 11 वर्ष के रूप में की गई है। बताया जाता है कि आमिर अपनी मौसी के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया हुआ था।

परिजनों के अनुसार घर में तीन दिन बाद शादी का कार्यक्रम निर्धारित था और पूरे परिवार में खुशी का माहौल था, जो इस हादसे के बाद अचानक गम में बदल गया। शनिवार की दोपहर आमिर गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने के लिए करेह नदी के किनारे गया था।

इसी दौरान गर्मी के कारण वह नहाने के लिए नदी में उतर गया। बताया जाता है कि नहाने के क्रम में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आमिर पानी में डूबकर लापता हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पर सिंघिया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई।

ग्रामीणों के सहयोग से नाव के जरिए नदी में काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है, जो देर शाम तक घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। दो नावों की सहायता से नदी के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई पता नहीं चल पाया था। प्रशासन द्वारा खोजबीन लगातार जारी रहने की बात कही गई है। वहीं इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *