स्मार्ट मीटर का झटका: चार माह में 9 लाख 70 हजार 609 रुपये का घरेलू बिजली बिल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के बंधार पंचायत के बाघोपुर गांव के वार्ड 9 में स्मार्ट विद्युत मीटर से जुड़ा एक चौंकाने वाले मामले ने बिजली उपभोक्ताओं के बीच चिंता बढ़ा दी है। यहां बनारसी सहनी के घर लगे घरेलू स्मार्ट मीटर में दिसंबर 2025 से मार्च 2026 तक का बिजली बिल 9 लाख 70 हजार 609 रुपये 31 पैसे आ जाने से हड़कंप मच गया है।

इतनी बड़ी राशि का बिल आने के बाद पीड़ित परिवार मानसिक रूप से परेशान है और मामले को लेकर कनीय विद्युत अभियंता शिवाजीनगर को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार बाघोपुर गांव के वार्ड 9 निवासी राजेंद्र सहनी के पुत्र बनारसी सहनी, उपभोक्ता संख्या 114208079783 के घर लगे घरेलू उपयोग के स्मार्ट मीटर पर अचानक अत्यधिक बिजली बिल आ गया। पीड़ित ने बताया कि उनके घर में सामान्य घरेलू उपयोग के ही उपकरण हैं और इतनी अधिक बिजली खपत होना संभव ही नहीं है।

उन्होंने आशंका जताई है कि स्मार्ट मीटर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण ही यह असामान्य बिजली बिल आ गया है। पीड़ित बनारसी सहनी ने अपने आवेदन में कनीय विद्युत अभियंता से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मीटर की जांच कर उसे शीघ्र सुधार किया जाए।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना उनके लिए संभव नहीं है और यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो उन्हें आर्थिक संकट के साथ-साथ मानसिक पीङा का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद इस तरह की शिकायतें बीच-बीच में सामने आती रहती हैं, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि मीटर की नियमित जांच और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इधर, कनीय विद्युत अभियंता आकाश वर्मा ने बताया कि उपभोक्ता से आवेदन प्राप्त हुआ है। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक से दो दिन में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *