व्हाट्सएप से जुड़ने को लेकर क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने गुरुवार को कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए छात्र-हित से जुड़ी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
एनएसयूआइ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और पारदर्शिता से जुड़ी कुल 10 प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। संगठन ने मांग की है कि नियमित कक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए परीक्षाएं केवल ‘परीक्षा भवन’ में ही आयोजित की जाएं।

संगठन ने सीबीसीएस पाठ्यक्रम के अनुरूप पुस्तकालय में नई किताबें उपलब्ध कराने और लंबे समय से बंद पड़ी कैंटीन को अविलंब चालू करने की मांग की है। इसके अलावा कॉलेज परिसर में ओवरऑल मैप लगाने, शुद्ध पेयजल के लिए बड़े वाटर कूलर की व्यवस्था करने तथा छात्राओं के लिए कॉमन रूम में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित करने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन में कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने, ऑडिटोरियम की मरम्मत कराने और मुख्य द्वार के पास लगे कूड़े के ढेर की सफाई कराने की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल है। साथ ही नामांकन के नाम पर छात्रों से कथित रूप से लिए जा रहे 100 रुपये की अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कॉलेज प्रशासन इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं करता है, तो संगठन 23 मार्च से कॉलेज परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विवेक विराट, गौरव चौहान, सचिन कुमार, गोलू कुमार, आलोक कुमार, अभिषेक राणा, सुधांशु कुमार समेत कई कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।








