उज्ज्वल भविष्य की नींव सशक्त करने वाला बजट : मोदी

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

उज्ज्वल भविष्य की नींव सशक्त करने वाला बजट : मोदी

Doorbeen News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा, यह वर्तमान के सपने साकार करता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव सशक्त करता है। बजट 2047 के विकसित भारत की हमारी ऊंची उड़ान का मजबूत आधार है। यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को दर्शाता है और सुधारों की यात्रा मजबूत करता है।

बजट पेश होने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत जिस ‘सुधार एक्सप्रेस’ पर सवार है, इस बजट से उसे नई ऊर्जा और गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में देश की नारी शक्ति का प्रतिबिंब झलकता है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार देश का बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष का बजट मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं को नई गति देने के लिए एक महत्वाकांक्षी रूपरेखा प्रस्तुत करता है।

बजट में हाई कैपेक्स और हाई ग्रोथ का समन्वय : उन्होंने कहा, यह बजट विश्वास आधारित शासन और मानव केंद्रित अर्थ-रचना के विजन को साकार करता है। ये एक ऐसा अनोखा बजट है, जिसमें वित्तीय घाटा को कम करने, मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने पर जोर है। साथ ही बजट में हाई कैपेक्स और हाई ग्रोथ का भी समन्वय है। उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 तक विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा की नींव है। भारत केवल सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने से संतुष्ट नहीं है, हम जल्द से जल्द विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं। यह करोड़ों देशवासियों का संकल्प है।

ढांचागत विकास के लिए कई बड़े कदम उठाए गए : प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, देशभर में वाटरवेज का विस्तार, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान और शहरों को मजबूत आर्थिक आधार देने के लिए म्युनिसिपल बॉन्ड्स को बढ़ावा, ये सारे कदम, विकसित भारत की यात्रा की गति को और तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *