एसपी ने रविवार को नगर थाना मे जनता दरबार लगाकर फरियादियों की सुनी समस्या

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

एसपी ने रविवार को नगर थाना मे जनता दरबार लगाकर फरियादियों की सुनी समस्या

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : एसपी अरविंद प्रताप सिंह रविवार की शाम नगर थाना परिसर में जनता दरबार लगाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

एसपी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर थाना में जनता दरबार लगाकर लोगों का फरियाद सुना गया है। सभी फरियादियों के समस्याओं के समाधान के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है।

इस पहल का उद्देश्य आम जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस-जनता संबंध को मजबूत करने और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस दौरान मथुरापुर घाट क्षेत्र से आए कुछ लोगों ने सड़क किनारे दुकान हटवाने और पैसे की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई। फरियादियों ने दो व्यक्तियों पर अवैध वसूली और धमकी देने का आरोप लगाया। साथ ही कार्रवाई में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाए जाने की भी बात कही।

एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थानाध्यक्ष को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनता दरबार के बाद एसपी ने नगर थाना का निरीक्षण भी किया और अभिलेखों का अवलोकन भी किया।

इस दौरान कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण, मालखाना, हाजत तथा सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने थाने में संधारित विभिन्न पंजियों, केस डायरी एवं अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिये।

इसके पश्चात वह ट्रैफिक थाना पहुंचे, जहां जाम की समस्या और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों से चर्चा की। उन्होंने थाना में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि शहर में जाम की समस्या से राहत मिल सके।

ट्रैफिक थाने का निरीक्षण किये जाने के बाद एसपी महिला थाना का निरीक्षण किया। यहां महिला संबंधित मामलों में लंबित कांडों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निष्पादन, पीड़ित महिलाओं की काउंसिलिंग और समयबद्ध अनुसंधान पर विशेष जोर दिया।

साथ ही उन्होंने हेल्प डेस्क की सक्रियता, अभिलेखों के बेहतर संधारण और थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश भी दिया। इस अवसर पर नगर थानाध्यक्ष अजित कुमार, यातायात थानाध्यक्ष सुनील कांत, महिला थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *