शिवाजीनगर के सहरू गांव में ऐतिहासिक सार्वजनिक बोल बम पूजा, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया पार्थिव शिवलिंग पर जलाभिषेक

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

शिवाजीनगर के सहरू गांव में ऐतिहासिक सार्वजनिक बोल बम पूजा, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया पार्थिव शिवलिंग पर जलाभिषेक

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के सहरू गांव में आयोजित सार्वजनिक बोल बम पूजा आस्था, भक्ति और भव्यता का ऐतिहासिक उदाहरण बनकर सामने आई। 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस सार्वजनिक बम पूजा में समस्तीपुर जिला के शिवाजीनगर प्रखंड के 28 गांव और दरभंगा जिला के बहेरी प्रखंड के 28 गांवों सहित कुल 56 गांवों से आए तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं एवं शिव भक्तों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा शहरू गांव और आसपास का इलाका हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। पूजा के अवसर पर 1600 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने गेरुआ वस्त्र धारण कर भव्य शोभा कलश यात्रा निकाली।

कलश यात्रा गांव और नगर भ्रमण करते हुए यज्ञ मंडप तक पहुंची, जहां विधिवत मंत्रोच्चार के साथ कलशों की स्थापना की गई। यह दृश्य अत्यंत मनोहारी और भक्तिमय रहा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सार्वजनिक बम पूजा के तहत सवा लाख पार्थिव शिवलिंग और 12 ज्योतिर्लिंग का निर्माण किया गया। 11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। मुख्य यजमान विष्णु कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, ललित कुमार सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी के साथ मुख्य कलशवर्ती के रूप में पूजा में सम्मिलित हुए। विद्वान पंडित गजेंद्र झा, सुबोध झा, संतोष चौधरी, रोशन झा, श्याम झा, प्रदीप चौधरी, शंभू शरण झा, पंकज झा, सूर्य नारायण मिश्रा और रामकुमार झा सहित कुल 11 पंडितों ने पूजा संपन्न कराई तथा मुख्य यजमानों का हवन कराया।

पूजा मंडप में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, कार्तिकेय, हनुमान, भगवान विष्णु सहित दर्जनों देवी देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। पूजा के उपरांत मुख्य यजमानों द्वारा पार्थिव शिवलिंग पर जलाभिषेक किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक की व्यवस्था की गई। घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर शिव भक्तों ने बाबा भोलेनाथ पर जल चढ़ाया। जलाभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। बम पूजा समिति द्वारा सभी आगंतुकों के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई थी। महाप्रसाद हेतु 20 हजार लीटर दूध, 150 क्विंटल चावल, 2 क्विंटल 50 किलो किशमिश, भारी मात्रा में चीनी, 1 क्विंटल 50 किलो नारियल भूसी, 60 हजार लड्डू और 1 लाख 50 हजार पत्तल सहित अन्य सामग्री की व्यवस्था की गई थी।

बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए पूजा समिति की ओर से टावर झूला, मीणा बाजार, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस, नाव झूला और मिठाइयों की दर्जनों दुकानें लगाई गई थीं, जिससे मेला स्थल का माहौल और भी जीवंत हो उठा। इस अवसर पर बम पूजा समिति के अध्यक्ष मदन प्रसाद सिंह, सचिन पलटू मंडल, संजय कुमार सिंह, ललित सिंह, राम गुलाम मंडल, रामबालक मंडल, पंचायत मुखिया रिंकू देवी, मुखिया पति राजेश कुमार सिंह सहित पूरे सहरू गांव और आसपास के ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा। बम पूजा समिति ने बताया कि यह बिहार का इकलौता सार्वजनिक बम पूजा है, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ जलाभिषेक करते हैं। समिति ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष शिवाजीनगर में पूजा आयोजित हुई है, जबकि अगले वर्ष बहेरी प्रखंड में सार्वजनिक बम पूजा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं का मानना है कि मिथिलांचल क्षेत्र में बाबा बैद्यनाथ के प्रति विशेष आस्था है। जो भी भक्त सच्चे मन से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। यही कारण है कि सहरू गांव की यह सार्वजनिक बोल बम पूजा पूरे क्षेत्र में आस्था और विश्वास का प्रतीक बन गई है।

बम पूजा समितियां ने बताया कि शिव भक्त के द्वारा अपने-अपने गांव से ट्रक बस जीप चार पहिया वाहनों से कांवड़ यात्रा को लेकर सुल्तानगंज से अमावस्या के दिन उत्तर वाहिनी गंगा से गंगाजल कांवर में भरकर बाबा बैजनाथ की जलाभिषेक के लिए सुल्तानगंज से पैदल चलकर जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि शिवाजी नगर सहित आसपास के इलाकों में खासकर मिथिलांचल में यह प्रसिद्ध है कि जो भी भक्ति एवं व्यक्ति कमर यात्रा कर बाबा बैजनाथ भोलेनाथ की जलाभिषेक करते हैं और जो भी मन्नतें मांगते हैं उसकी मुरादे आस्था की पूरी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *