शिवाजीनगर बाजार में जाम से निजात के लिए पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, 60 हजार रुपये का चालान

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

शिवाजीनगर बाजार में जाम से निजात के लिए पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, 60 हजार रुपये का चालान

Doorbeen News Desk:  शिवाजीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरी रोसड़ा मुख्य सड़क पर स्थित शिवाजीनगर बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर छात्र छात्राओं को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों तक समय पर पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों द्वारा लगातार शिवाजीनगर पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शनिवार को शिवाजीनगर बाजार में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और अवैध रूप से सड़क व सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों सहित बिना लाइसेंस वाहन चालकों से कुल 60 हजार रुपये का online लाइन चालान काटा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवाजीनगर बाजार में कई खाली स्थान उपलब्ध होने के बावजूद वाहन चालक लापरवाही बरतते हुए सड़क या सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।

जाम के कारण न केवल राहगीरों बल्कि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को भी परेशानी उठानी पड़ती है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शिवाजीनगर बाजार में जाम को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, विशेषकर छात्र-छात्राओं की ओर से। इसी के मद्देनजर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क या सड़क किनारे वाहन न लगाएं और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पार्किंग करें, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि इस तरह की लापरवाही पाई गई तो विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि स्कूली छात्राओं द्वारा लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ युवक लहरिया कट शैली में बाइक चलाकर बाजार क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष रूप से ऐसे बाइक सवारों पर नजर रखी और अभियान के दौरान उन्हें भी चिन्हित कर कार्रवाई की। इस सघन वाहन चेकिंग अभियान में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में एसआई मुकेश कुमार, पीटीसी शैलेश कुमार, चौकीदार रामकुमार एवं सचिन कुमार सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि आगे भी इस तरह के अभियान से शिवाजीनगर बाजार को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *