व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
शिवाजीनगर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से चला मतदाता जागरूकता अभियान
Doorbeen News Desk: आगामी 6 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान तेज़ कर दिया गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पुरा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामभद्रपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय राजौर गंगाराही, एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनडीहा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशन में स्वीप कोषांग के तहत संचालित हुआ, जिसमें सांस्कृतिक संस्था दूर देहात के कलाकारों की टीम ने सहभागिता निभाई। कलाकारों ने गीत, संगीत, संवाद और अभिनय के माध्यम से मतदाताओं को यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने मंच पर जीवंत चित्रण करते हुए यह दर्शाया कि कैसे एक वोट लोकतंत्र की दिशा और दशा तय करता है। नाटक में यह भी दिखाया गया कि कई बार लोग मतदान को महत्व नहीं देते, जिससे जनप्रतिनिधि चुनने में लोकतंत्र कमजोर पड़ता है। कलाकारों ने यह संदेश दिया कि पहले मतदान, फिर जलपान को अपनाना चाहिए और जाति, धर्म, लोभ या भय से ऊपर उठकर निर्भीक होकर मतदान करना चाहिए।

कार्यक्रम में कलाकार मुकेश कुमार, विजय राम, किसुन राम, विकास कुमार, उमेशचंद राम, अमरजीत कुमार, पंकज कुमार, सचिन कुमार, पूनम कुमारी और आरती कुमारी की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय परिसर में उपस्थित छात्र, शिक्षक, ग्रामीण एवं स्थानीय लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति को सराहा और संकल्प लिया कि वे मतदान अवश्य करेंगे।कार्यक्रम का संचालन कर रही संस्था दूर देहात के सचिव प्रभु नारायण झा ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदान प्रतिशत में वृद्धि लाना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी मतदान को लेकर कई भ्रांतियाँ हैं, जिन्हें दूर करने के लिए इस प्रकार की रचनात्मक विधियों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने कलाकारों का स्वागत किया और इस तरह की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों और ग्रामीणों के मन में लोकतंत्र के प्रति सजगता और जिम्मेदारी का भाव उत्पन्न करती हैं।
नुक्कड़ नाटक के समापन पर ग्रामीणों ने हाथ उठाकर शपथ ली कि वे आगामी 6 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।प्रखंड में चलाया गया यह जागरूकता अभियान न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि इसके माध्यम से लोकतंत्र के प्रति लोगों की सोच में बदलाव लाने की एक सफल कोशिश भी साबित हुआ।






