व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
जय मां काली के जयकारों से गूंज उठा गनौली, नवयुवक संघ के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया गया काली मेला
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन पंचायत के वार्ड 9 गनौली गांव स्थित करेंह नदी के तटबंध पर नवयुवक संघ गनौली के तत्वावधान में आयोजित जय मां काली मेला महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया। सोमवार रात्रि को जैसे ही माता काली के पट खोले गए, श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में तांता लग गया।
माता के प्रथम दर्शन हेतु महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।मंगलवार को भोर से ही श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर परिसर में देखी गईं। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर खोइंछा भरने व कन्या पूजन के लिए जुटीं। कन्याओं की टोली ने संध्या बेला में मंदिर परिसर पहुंचकर मिट्टी के दीये जलाए और मां काली की आराधना की। पूरा वातावरण जय मां काली के जयकारों से गूंज उठा।


नवयुवक संघ गनौली के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य आयोजन में समिति के सदस्य राधेश्याम कुमार, मनोज कुमार, ज्योति कुमार, रोशन कुमार, सुधीर कुमार, अखिलेश कुमार, रोहित कुमार, प्रभात कुमार, प्रिंस कुमार, सुनील कुमार, नीतीश कुमार, कार्तिक कुमार सहित कई युवा सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
काली पूजा के साथ ही मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों की भारी भागीदारी रही।
बच्चों के लिए झूला, चरखी, खिलौनों की दुकानें तथा महिलाओं के लिए मीना बाजार विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। देर रात तक मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र में रौनक बनी रही। प्रखंड के विभिन्न काली मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने मां काली की पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। दो दिनों तक पूरे क्षेत्र में पूजा-पाठ व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहा, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी काली पूजा बड़े ही धूमधाम से मनाई गई।






