व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
प्रशासनिक ट्रक की चपेट में आने से किसान की मौत, गांव में छाया मातम
Doorbben News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौडी थाना क्षेत्र में रविवार की एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की जान चली गई। घटना हथौड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहटौली से श्रीपुरगाहर जाने वाली सड़क पर हुई, जब तेज रफ्तार से आ रही प्रशासन की एक ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल को एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही घायल किसान की मौत हो गई।

मृतक की पहचान रहटौली गांव के वार्ड संख्या 6 निवासी स्व तेज नारायण सिंह के पुत्र संजय सिंह (उम्र 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वे पेशे से किसान थे। बताया जा रहा है कि संजय सिंह किसी निजी कार्य से बाइक से श्रीपुरगाहर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। ट्रक चुनाव ड्यूटी में लगे केंद्रीय पुलिस बल को ले जा रहे थे। यह ट्रक किसी निजी आदमी के बताई जा रही है।

जिसमें चुनाव ड्यूटी को लेकर केंद्रीय पुलिस बल को खानपुर प्रखंड ले जा रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी, जिस पर हथौड़ी थाना की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। संजय सिंह की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक अपने पीछे पत्नी शशि सिंह, दो पुत्र – विशाल कुमार सिंह एवं अनितेक कुमार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम ने बताया की आईटीबीपी प्रशासन की सामान लदा ट्रक की ठोकर में एक व्यक्ति की मौत हुई है।सामान खानपुर ले जा रहा था। ड्राइवर और ट्रक को जप्त कर लिया गया है आगे की कार्रवाई की जा रही है।






