व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
धरमपुर में भाजपा का मंडल कार्यशाला आयोजित, सेवा पखवाड़ा व घर-घर संपर्क अभियान को लेकर बनी रणनीति
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत जाखर धरमपुर पंचायत के राम जानकी ठाकुरबाड़ी धरमपुर में भाजपा पूर्वी मंडल की ओर से शनिवार को मंडल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पार्टी द्वारा पूरे देश में चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा सह घर-घर संपर्क अभियान को लेकर जागरूकता फैलाना एवं स्थानीय स्तर पर इसकी प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।
यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता समाजसेवा के विविध कार्यों में हिस्सा लेंगे और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएंगे। कार्यशाला की अध्यक्षता पूर्वी मंडल अध्यक्ष ललित कुमार झा ने की, जबकि संचालन मंडल उपाध्यक्ष नंदकुमार चौधरी ने किया। इस मौके पर जिला से आए अभियान प्रभारी संतीष राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।


उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा के उद्देश्यों से अवगत कराया और पार्टी के नीति-सिद्धांतों के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सोनू कुमार झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष रिंकू कुमारी, मंडल उपाध्यक्ष संजीत शर्मा, मुखिया पति महेश शाह, पूनम देवी, मंजू देवी, वासुदेव यादव एवं रामचंद्र यादव सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यशाला में वक्ताओं ने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सेवा भाव के साथ आम जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रचारित करें। साथ ही, प्रत्येक घर तक पार्टी की विचारधारा एवं कार्य को पहुंचाने का संकल्प लिया गया। सभी कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा दी गई और जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं, ताकि सेवा पखवाड़ा अभियान को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारा जा सके। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






