व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
मथुरापुर पंचायत में नाला निर्माण पर ग्रामीणों का विरोध, बीडीओ को सौंपा आवेदन
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत मथुरापुर पंचायत में नाला निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मुखिया द्वारा नाला का निर्माण सड़क स्तर से तीन फीट ऊपर कराया जा रहा है, जिससे जलजमाव और आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न होगी।


ग्रामीणों का कहना है कि कई बार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया है और मुखिया मनमानी तरीके से काम करवा रहे हैं। इस संबंध में मंगलवार को मधुरापुर पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने बीडीओ आलोक कुमार सिंह एवं बीपीआरओ राजू कुमार को एक लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल जांच की मांग की है।आवेदनकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नाला निर्माण के नाम पर अपने निजी जमीन को भी घेरने की कोशिश की जा रही है।


साथ ही कहा गया कि यदि इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले समय में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में धयानी पासवान, संतोष पासवान, राजीव पासवान, धीरज कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, गोपाल कुमार रजक, शिव कुमार सिंह, अंकुश कुमार रजक, बंगाली शर्मा, भोला शर्मा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, हीरा सिंह, रामबाबू पोद्दार एवं मोनू कुमार मंडल समेत कई लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि शीघ्र जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाए ताकि विकास कार्य पारदर्शी ढंग से हो सके और आमजन को किसी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़े।






