13 मोबाइल प्रचार वाहनों से 11 विधानसभा क्षेत्रों में होगा मतदाता जागरूकता अभियान, मतदाताओं को मिलेगी EVM/VVPAT से हैंड्स ऑन ट्रेनिंग

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

13 मोबाइल प्रचार वाहनों से 11 विधानसभा क्षेत्रों में होगा मतदाता जागरूकता अभियान, मतदाताओं को मिलेगी EVM/VVPAT से हैंड्स ऑन ट्रेनिंग

दूरबीन न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर। लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सशक्त एवं सहभागितापूर्ण बनाने की दिशा में मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी ने व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 मोबाइल प्रचार वाहन निकाले जाएंगे, जिनके माध्यम से मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा तथा उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

18 अगस्त को जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन समाहरणालय परिसर से पूर्वाह्न 11 बजे इन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद ये वाहन निर्धारित विधानसभावार रूट चार्ट के अनुरूप मतदाताओं तक पहुंचेंगे और उन्हें मतदान की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेंगे।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए तकनीकी जागरूकता आवश्यक
———————-
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ही सबसे बड़ा आधार है। यह आवश्यक है कि प्रत्येक मतदाता न केवल मतदान केंद्र तक पहुंचे बल्कि मतदान मशीनों की पारदर्शी कार्यप्रणाली से भी भलीभांति अवगत हो।

उन्होंने कहा कि EVM और VVPAT पूरी तरह सुरक्षित एवं विश्वसनीय हैं। इनकी तकनीक को समझने से मतदाा मतदान के दिन निर्भीक एवं आत्मविश्वास के साथ अपना मत दे सकेंगे।

प्रचार वाहनों की विशेषताएं
———————-
इस जागरूकता अभियान के लिए तैयार किए गए प्रचार वाहनों को सुदृढ़ व्यवस्थाओं के साथ मैदान में उतारा जाएगा। प्रत्येक वाहन पर:

मास्टर ट्रेनर नियुक्त रहेंगे, जो मतदाताओं को मशीन की कार्यप्रणाली समझाएंगे और व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे।

दंडाधिकारी, संचालन की निगरानी करेंगे ताकि गतिविधियों में पारदर्शिता और सुचिता बनी रहे।

पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित रहेगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे।

वाहनों पर बैनर और स्टैंडी लगाए जाएंगे, जिससे प्रचार दृश्यात्मक रूप से भी प्रभावी हो।

इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मतदाताओं को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था
———————-
प्रचार वाहनों पर रखी गई EVM और VVPAT मशीनों को पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी सहायक निर्वाचन पदाधिकारियों (AERO) को प्रतिदिन की कार्ययोजना के अनुरूप मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रखंड स्तर पर इसकी निगरानी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) करेंगे।

समाहरणालय परिसर में भी डेमोंसट्रेशन सेंटर कार्यरत
————————
मोबाइल वाहनों के अतिरिक्त समाहरणालय परिसर में भी स्थायी ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर स्थापित है। यहां प्रतिदिन औसतन 50 नागरिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए जिला मास्टर ट्रेनर को प्रतिनियुक्त किया गया है, जो नागरिकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाते हैं।

यह केंद्र आम नागरिकों के लिए एक स्थायी सुविधा के रूप में कार्यरत रहेगा, जहां वे कार्यालय अवधि में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

मतदाताओं का बढ़ेगा आत्मविश्वास
———————-
प्रशासन का मानना है कि इन प्रचार वाहनों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य यही है कि मतदाता मतदान के दिन किसी प्रकार की झिझक या आशंका महसूस न करें। उन्हें मतदान केंद्र पर पहुंचकर मशीन का सही उपयोग करने में आत्मविश्वास मिले और वे निडर होकर लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर सकें।


मतदाता जागरूकता अभियान से बढ़ेगी भागीदारी
————————–
जिला प्रशासन को विश्वास है कि इस अभियान से जिले में मतदाता जागरूकता को नया आयाम मिलेगा। बीते चुनावों की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में वृद्धि की संभावना है।

यह पहल न केवल मतदाताओं में जागरूकता लाएगी बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को और अधिक मजबूत करेगी। साथ ही इससे यह संदेश भी जाएगा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है।

मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन का यह व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में एक सार्थक पहल है। 13 प्रचार वाहन, समाहरणालय डेमोंसट्रेशन सेंटर, और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम मिलकर जिले में मतदाता सहभागिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

यह कदम निश्चित ही आने वाले निर्वाचन में जिले को उच्च मतदान प्रतिशत और पारदर्शी प्रक्रिया की दिशा में अग्रसर करेंगे।