व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
बिहार में खोले जाएंगे 16 नए केंद्रीय विद्यालय, पटना व नालंदा में खुलेगे दो-दो
दूरबीन न्यूज डेस्क। राज्य में 16 नए केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे। नए केंद्रीय विद्यालय खुलने के बाद राज्य में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या 53 से बढ़ कर 69 हो जाएगी। पटना सहित 14 जिलों में नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना है। पटना और नालंदा में दो-दो नये केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे। मुंगेर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, गया, भागलपुर, कैमूर, मधेपुरा, मधुबनी, शेखपुरा, दरभंगा और अरवल में एक-एक नया केंद्रीय विद्यालय खुलना है।


शिक्षा विभाग के सचिव ने 14 जिलों के समाहर्ता से केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने संबंधी सर्वेक्षण रिपोर्ट बुधवार शाम(25 जून) तक मांगी है। जिलों के समाहर्ता से कहा गया है कि नये केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के तहत सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार करें। इसके लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन का क्षेत्रीय कार्यालय पटना द्वारा प्रस्तावित जिलों में स्थल की सहायता के लिए प्रतिनिधि भी नामित किया गया है। अब जिलों को प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय से संबंधित मामले के लिए नोडल अधिकारी नामित करते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रतिनिधि से समन्वय कर सर्वेक्षण रिपोर्ट देनी है।

पटना के दीघा और बाल्मी में खुलेंगे नए केंद्रीय विद्यालय पटना में दीघा हाउसिंग एरिया और बाल्मी कैंपस में केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना है। नालंदा में नालंदा टाउन और बिहारशरीफ में यह खुलना है। मुंगेर के मुंगेर टाउन में, पूर्णिया शहर, मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया में, भोजपुर जिले के आरा में, गया जी के बोघगया में, भागलपुर, कैमूर, मधेपुरा, मधुबनी, शेखपुरा, अरवल व दरभंगा में एम्स के पास विद्यालय खोलने की योजना है।






