व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
हसनपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, 20 वर्षीय महिला को किया जख्मी, हल्ला होने पर बची जान
दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर जिला के हसनपुर के बड़गांव में शुक्रवार को सुबह शौच के लिए निकली आरती (20) को आवारा कुत्तों ने काट-काट कर जख्मी कर दिया। चीखने चिल्लाने पर लोग दौड़े और जख्मी को हसनपुर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने समस्तीपुर से डीएमसीएच रेफर कर दिया। जहां इलाज जारी है।


बताया जाता है शुक्रवार को पांच बजे सुबह लालो यादव की बेटी आरती डिहवार स्थान के समीप आम के बगीचा की ओर दो तीन सहेलियों के साथ निकली थी। इसी क्रम में आरती पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों का हमला देख साथ में गई लड़कियां चिल्लाने लगीं। हल्ला होने पर गांव से एवं आसपास के लोग दौड़े। लोगों को आता देख कुत्तों का झुंड भाग खड़ा हुआ। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि आरती का दोनों पैर एवं बांह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जिसका प्राथमिक उपचार किया गया। आरती को समस्तीपुर रेफर किया गया। फिर समस्तीपुर से दरभंगा रेफर किया गया। दो माह में आवारा कुत्तों ने तीन बच्चे बच्चियों पर हमला किया। जिस में एक बच्ची एवं एक बालक की जान चली गई। एक लड़की इलाजरत है।

बताया जाता है कि 7 जून को बड़गांव स्थित डिहवार स्थान समीप एक खेत में आवारा कुत्तों का झुंड दस वर्षीय बालक सत्यम को नोच नोच कर मार डाला। 28 अप्रैल को गांव की एक बच्ची को आवारा कुत्तों ने मार डाला। 20 जून को आरती को कुत्तों ने जख्मी कर दिया। कुत्तों के आक्रामक रवैए से लोगो की परेशानी बढ़ी हुई है। इस संबंध में बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि हैदराबाद की टीम बड़गांव आयी थी। घटनास्थल का जायजा लिया गया। रैकी किया गया। टीम को बुलाई गई है। शनिवार तक टीम बड़गांव आयेगी। लोगो की परेशानी को दूर करेगी।






