मुजफ्फरपुर में आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम का आयोजन, लोगों ने किया संवाद

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

मुजफ्फरपुर में आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम का आयोजन, लोगों ने किया संवाद

दूरबीन न्यूज डेस्क। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “आपका शहर, आपकी बात” कार्यक्रम के अंतर्गत मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 01, 35 एवं 46 में संवादात्मक शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा सुझावों को जानना एवं विकास प्रक्रिया में उन्हें सहभागी बनाना है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड संख्या 01 से हुई, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया एवं सफाई, जलजमाव, जलापूर्ति, सड़क, नाली तथा पथ प्रकाश जैसी आधारभूत समस्याओं को बेझिझक प्रशासन के समक्ष रखा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस लाइन, लक्ष्मी चौक एवं अंबेडकर चौक क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था, कचरा उठाव की अनियमितता, स्ट्रीट लाइट की कमी, जर्जर सड़कों तथा टूटे नालों की स्थिति पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। वार्ड पार्षद श्री उमेश कुमार गुप्ता ने भी सफाई कार्यों में सुधार तथा नए पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता पर बल दिया।

वार्ड संख्या 35 में आयोजित हुए कार्यक्रम में नागरिकों ने नाला स्लैब निर्माण, नाला उड़ाही, जलापूर्ति पाइप की मरम्मत तथा जर्जर सड़क एवं बिजली पोल की समस्याएं रखीं। मिश्रा कॉलोनी, वीणा कन्सर्ट तथा नथ्थू साह लेन जैसे क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। वार्ड संख्या 46 के नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी दिखाई। मोहम्मद इस्तियाख, श्री अशोक महतो सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने सड़क, नाले, जलजमाव, तथा पुलिया निर्माण से संबंधित समस्याएं साझा कीं एवं शीघ्र समाधान की मांग रखी।

कार्यक्रम में उपस्थित नगर निगम के अधिकारियों ने नागरिकों की सभी बातों को गंभीरता से सुना तथा तत्काल संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। कुछ समस्याओं के समाधान हेतु मौके पर ही निर्देश जारी कर स्पष्ट समयसीमा निर्धारित की गई। इस पारदर्शी संवाद से आमजन को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, उत्साह एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ हुआ। “आपका शहर, आपकी बात” केवल एक कार्यक्रम न होकर प्रशासन एवं आमजन के बीच विश्वास का सेतु बनता जा रहा है। यह पहल यह दर्शाती है कि जब प्रशासन एवं नागरिक मिलकर कार्य करते हैं, तो विकास कार्य अधिक प्रभावी, समावेशी एवं दूरगामी होते हैं।