बड़ी खबर : AK 47, AK 56, 500 राउंड गोली, समस्तीपुर में सस्पेंड पुलिसकर्मी के घर मिला हथियारों का जखीरा

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

बड़ी खबर : AK 47, AK 56, 500 राउंड गोली, समस्तीपुर में सस्पेंड पुलिसकर्मी के घर मिला हथियारों का जखीरा

दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर में हथियारों का जखीरा मिला है। मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में सस्पेंड एएसआई सरोज सिंह के घर से भारी मात्रा में हथियार की बरामदगी हुई है। अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जाता है कि देर रात एसटीएफ की टीम सरोज सिंह के घर पर छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस टीम को देखते ही सरोज सिंह के घर से फायरिंग शुरू हो गई।

फिर एसटीएफ की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई।इसके बाद कई थानों की पुलिस ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान घर से करीब 500 राउंड जिंदा कारतूस और हथियार बरामद किए गए है।  हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस अभी नहीं कर रही है। स्थानीय सूत्रों की मानें तो एसटीएफ और जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी के बाद घर से एके-47, एके 56, दोनाली बंदूक, तीन देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इस दौरान सरोज सिंह समेत चार को पुलिस ने हिरासत में लिया। एसटीएफ के अलावा पटोरी मोहनपुर, मोहद्दीनगर और विद्यापति नगर थाने की पुलिस मौके पर मौजूद है। बताते चलें कि 1 साल पहले सरोज सिंह सस्पेंड हुआ था। उस पर आर्मी में अवैध तरीके से नौकरी दिलाने, अपराधियों से साठगांठ और अवैध हथियार की तस्करी का आरोप था।