लाल गाड़ी” टिकट चेकिंग अभियान से यात्रियों में जागरूकता में वृद्धि, हाजीपुर – गोल्डिनगंज रेलखंड पर टिकटिंग में भारी सुधार

व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

“लाल गाड़ी” टिकट चेकिंग अभियान से यात्रियों में जागरूकता में वृद्धि, हाजीपुर – गोल्डिनगंज रेलखंड पर टिकटिंग में भारी सुधार

दूरबीन न्यूज डेस्क। सोनपुर मंडल अंतर्गत हाजीपुर से गोल्डिनगंज रेलखंड के बीच टिकट चेकिंग को सघन एवं प्रभावी बनाने हेतु चलाए जा रहे “लाल गाड़ी टिकट चेकिंग अभियान” के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। आज दिनांक 22 मार्च 2025 को इस खंड पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यात्रियों में उल्लेखनीय जागरूकता और सजगता देखी गई।

अभियान के तहत लाल पट्टीयुक्त विशेष गाड़ी के साथ स्टेशनों पर रोके गए ट्रेनों में जब चेकिंग की गई, तो 450 यात्रियों ने वैध टिकट कटवाए, जबकि पिछले दिनों इसी खंड पर गोल्डिनगंज स्टेशन से मात्र 200 टिकटें कटी थीं। यह 125% की वृद्धि यह स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि चेकिंग अभियान की दृढ़ उपस्थिति और सक्रियता से यात्रियों में टिकट खरीदने की प्रवृत्ति बढ़ी है।

अभियान की मुख्य विशेषताएं:

“लाल गाड़ी” एक प्रतीकात्मक टिकट चेकिंग अभियान गाड़ी है, जो ट्रेनों के साथ-साथ चलकर स्टेशनों पर रुकती है और यात्रियों में चेतना फैलाती है।

चेकिंग के दौरान यात्रियों में टिकट ना होने की स्थिति में भय और सजगता का माहौल देखा गया, जो आगामी समय में बिना टिकट यात्रा को कम करने में सहायक सिद्ध होगा।

प्रत्येक छोटे-बड़े स्टेशनों पर ठहराव कर यह अभियान टिकटिंग व्यवहार में सुधार ला रहा है।

मंडल की नीति एवं लक्ष्य:

सोनपुर मंडल द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान यात्रियों में ईमानदारी और उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर रहा है, साथ ही रेलवे की अनारक्षित आय में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। हाजीपुर से गोल्डिनगंज के बीच इस तरह की नियमित सघन जांच यात्रियों को प्रेरित कर रही है कि वे स्वयं टिकट खरीद कर ही यात्रा करें।

मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक भूषण सूद के नेतृत्व में सोनपुर मंडल द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस प्रकार के अभियान से न केवल रेलवे राजस्व में वृद्धि हो, बल्कि यात्रियों के बीच टिकटिंग व्यवहार में अनुशासन और नियमबद्धता भी कायम हो।

सोनपुर मंडल का यह सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे रेल प्रशासन और यात्रियों के बीच सक्रिय सहभागिता एवं पारदर्शिता बनी रहे।