महादलित टोलों के वंचित लोगों को प्राथमकिता के आधार पर 22 प्रकार की विभिन्न योजनाओं से करें आच्छादित : जनक राम

व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

महादलित टोलों के वंचित लोगों को प्राथमकिता के आधार पर 22 प्रकार की विभिन्न योजनाओं से करें आच्छादित : जनक राम

दूरबीन न्यूज डेस्क। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण जनक राम की अध्यक्षता में डॉ0 अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान कार्यक्रम की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में सम्पन्न हुयी।

जिला पदाधिकारी दिनेश कुमार राय द्वार मंत्री को बताया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिवारों को सरकारी योजना के लाभ से आच्छादित करने के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में डॉ0 अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत माइक्रोप्लान तैयार कर नियमित रूप से विशेष विकास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। विशेष विकास शिविर में प्राप्त आवेदनों को नियमानुसार निष्पादित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बाबा साहब डॉ0 भीम राव अम्बेडकर की जयंती पर दिनांक-14.04.2025 से विशेष विकास शिविर का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के करकमलों द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभाग शिविर के निर्धारित तिथि के पूर्व ऑफलाइन/ऑनलाइन आवेदन प्राप्त कर उनका नियमानुसार निष्पादन शिविर से पूर्व करते हैं तथा छूटे लाभुक से शिविर के दिन आवेदन पत्र प्राप्त कर यथासंभव ऑन-स्पॉट निष्पादन किया जाता है। किसी कारणवश आवेदन का निष्पादन नहीं होने की स्थिति में यह सुनिश्चित किया जाता है कि लाभुकों को संबंधित योजना का लाभ यथाशीघ्र प्राप्त हो सके। शिविर की सफलता एवं लाभुकों की जागरूकता हेतु जीपीएस सुविधायुक्त आइइसी वैन के माध्यम से एवं पम्फलेट वितरण कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा 14 अप्रैल को मझौलिया प्रखंड के बैठनिया भानाचक पंचायत अंतर्गत श्यामपुर महादलित टोला में प्रथम शिविर का उद्घाटन किया गया है तथा उपस्थित लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी सुलभ कराई गई। साथ ही पात्रता प्राप्त विभिन्न लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

उप विकास आयुक्त, श्री सुमित कुमार ने पीपीटी के माध्यम से विशेष विकास शिविर के तहत अबतक किये गये कार्यों की जानकारी माननीय प्रभारी मंत्री को दी गयी।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री ने शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन से संबंधित विभागवार विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों से कहा कि जिले के जिला पदाधिकारी स्वयं विशेष विकास शिविर में जा रहे हैं, मॉनिटरिंग कर रहे हैं, इससे आपको स्वयं प्रेरणा लेनी चाहिए। आप सभी भी शिविर में अनिवार्य रूप से जाएं। उन्होंने कहा कि आप सभी पदाधिकारी इस शिविर को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराएं। ज्यादा से ज्यादा वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करें। उन्हें योजनाओं से अवगत कराएं।

उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को सजग होकर महादलित टोलों के वंचित लोगों को 22 प्रकार की विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करना है। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विकास मित्रों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें। साथ ही विकास मित्रों की गतिविधियों की निगरानी भी करें। एसडब्ल्यूओ को पूरी तरह एक्टिव रखें। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा इससे संबंधित फोल्डर का वितरण विशेष विकास शिविर में कराना सुनिश्चित करें। डीपीएम, जीविका को निर्देश दिया गया कि बाल विवाह, दहेज प्रथा उन्मूलन, शराबबंदी आदि कुरीतियों के बारे में समाज के लोगों को बताएं उन्हें जागरूक करें।

उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि विशेष विकास शिविर में योग्य व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहें तथा अयोग्य व्यक्ति लाभान्वित नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखना है।

समीक्षा के दौरान औपचारिक शिक्षा हेतु विद्यालय में उल्लेखनीय दाखिला पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने हेतु उल्लेखनीय कार्य करने पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा प्राप्त आवेदनों के आलोक में श्रमिक कार्ड बनाने हेतु श्रमअधीक्षक, पश्चिम चम्पारण, बेतिया की सराहना मंत्री द्वारा की गयी।

जिला पदाधिकारी द्वारा  मंत्री को आश्वस्त किया गया कि जो भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, उनका अक्षरशः अनुपालन कराते हुए जिले में सफलतापूर्वक विशेष विकास शिविर को सम्पन्न कराया जायेगा।

जिला पदाधिकारी ने पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष विकास शिविर का आयोजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। यह अत्यंत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके क्रियान्वयन में तनिक भी उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं जायेगी। उदासीनता बरतने वाले पदाधिकारयों एवं कर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी तथा यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके विरूद्ध विभागीय स्तर पर कठोर कार्रवाई हो। जिन्हें जो दायित्व दिया गया है, उसका निर्वहन वही करेंगे, किसी पर टालेंगे नहीं।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एसडीएम राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों को अविलंब जांच कर निष्पादित कराएंगे। निर्धारित टाइमलाईन की प्रतीक्षा नहीं करेंगे। शिविर के पूर्व ही टोलों में भ्रमण कर आवेदन प्राप्त करें तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आ रही समस्याओं का निराकरण भी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) राजीव कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, विभागीय जांच कुमार रविन्द्र, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा गौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, नरकटियागंज सूर्य प्रकाश गुप्ता सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।