मुफ्त में बिजली दे लालटेन युग में ले जाएंगे तेजस्वी, उप मुख्यमंत्री ने तेजस्वी के मुफ्त में बिजली देने के बाद पर किया हमला

दूरबीन न्यूज़ डेस्क। मुफ्त में बिजली दे लालटेन युग में ले जाएंगे तेजस्वी, उप मुख्यमंत्री ने तेजस्वी के मुफ्त में बिजली देने के बाद पर किया हमला। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सरकार बनने पर जनता को दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त में देने के वादे पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को मुफ्तखोरी की आदत लगी हुई है। अब मुफ्तखोरी में बिजली देने का वादा कर रहे हैं। अगर तेजस्वी मुफ्त में लोगों को बिजली देना चाहते हैं तो जनता से लूटी गयी राशि लौटा दे उसी से सभी समस्या का समाधान हो जाएगा।

वे समस्तीपुर परिसदन में पे्रस कांफ्रेस में पत्रकारों से बात रहे थे। उन्होंने कहा कि मुफ्तखोरी में बिजली देकर पूरे बिहार से बिजली गायब करा लालटेन युग में ले जाने की साजिश है। लालू प्रसाद ने अपने कार्यकाल में राज्य में बिजली के तार की चोरी कराने के साथ पोल तक को लुटवा दिया था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने भी मुफ्तखोरी की लोगों को आदत लगा पूरा खजाना लूट लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में दो उप मुख्यमंत्री हैं। एक पर भ्रष्टाचार पर दूसरे पर माफिया पर लगाम लगाने की जिम्मेवारी है।

आज खनन विभाग के माफिया कार्रवाई से बिलबिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती है। उनको कपटी ठाकुर के नाम से बुलाकर लालू प्रसाद अपमानित करते थे। इसके लिए तेजस्वी यादव को समस्तीपुर की जनता से माफी मांगनी चाहिए थी। पीएम व सीएम कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार कर रहे हैं। पीएम ने उनको भारत रत्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कह कि तेजस्वी ने आभार यात्रा को सम्मान यात्रा में बदल बंद कमरे में बैठक की। उन्होंने कहा कि बंद कमरे में वसूली की योजना बनायी जा रही है।

बिहार में जातीय उन्माद पैदा करने के साथ तुष्टीकरण को बढ़ावा देकर राज्य की सत्ता पर कब्जा करने की साजिश की जा रही है। बिहार लोकतंत्र की धरती है। यहां की जनता इस साजिश को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद 15 साल मुख्यमंत्री रहे। बिहार और झारखंड जब एक था तो जमकर लूटा। तेजस्वी को इसके लिए माफी मांगने के साथ जनता की लूटी गयी राशि लौटाने की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के कार्यकाल में बिहार क्या था और आज क्या है। अंतर स्पष्ट रूप से दिखता है। आज हर जगह सड़क और पुल है।

इस पर तेजस्वी चर्चा नहीं करते हैं। वे सत्ता पाने के लिए अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को प्रोत्साहित करते हैं। यह मानसिकता लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने बिहार की गरिमा को ठेस पहुंचाया है। आर्थिक व सामाजिक अपराधी शीर्षस्थ पद पर बैठकर जनता को दिग्भ्रमित कर रहा है। एक अपराधी को तेजस्वी को राजद के अध्यक्ष पद से हटाना चाहिए। बिहार की जनता से क्षमा मांगने के लिए क्षमा यात्रा पर निकलना चाहिए।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि राहुल गांधी को देश की सभ्यता व संस्कृति का ज्ञान नहीं है। इसी कारण वे विदेश की धरती पर जाकर गलत बयान देते रहते हैं। उन्होंने शराबबंदी को जनता के हित में बताया और कहा कि समय समय पर इसमें त्रुटि मिलने पर सुधार भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *