समस्तीपुर/रोसड़ा। रोसड़ा अनुमंडल कार्यालय में शनिवार को रोसड़ा प्रखंड प्रमुख का चुनाव हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए चुनाव में उषा देवी निर्विरोध प्रखंड प्रमुख पद चुनी गयी। वर्तमान में वे उप प्रमुख थी।
विदित हो कि अविश्वास प्रस्ताव को लेकर एक पक्ष के हाईकोर्ट का रुख करने से चुनाव काफी रोचक व दिलचस्प बना हुआ था। हालांकि शनिवार को चुनाव में शामिल होने के लिए एक खेमा ही पहुंचा।
कुल 20 पंचायत समिति सदस्यों में से 14 सदस्य बैठक में शामिल होने के लिए अनुमंडल सभागार पहुंचे। इसके बाद अन्य सदस्यों के भी आने की प्रतीक्षा की गई। निर्धारित अवधि तक अन्य सदस्यों के नहीं पहुंचने पर चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। निवर्तमान उप प्रमुख उषा देवी ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। उनके खिलाफ किसी अन्य सदस्य ने अपनी दावेदारी नहीं पेश की।
जिसके बाद निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम आकाश चौधरी ने उषा देवी के निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। बता दें कि आराधना कुमारी प्रखंड प्रमुख की कुर्सी पर आसीन थी। इनके कार्यों से क्षुब्ध पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। अविश्वास को लेकर हुई वोटिंग में आराधना कुमारी अपनी कुर्सी नहीं बचा सकी थी। इसके बाद प्रमुख चुनाव के लिए 16 मार्च की तिथि निर्धारित की गई थी।
शनिवार को हुए चुनाव में पूर्व प्रमुख आराधना कुमारी समेत छह सदस्य अनुपस्थित रहे। चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उषा देवी को प्रमुख चुने जाने का प्रमाण पत्र दिया गया। उषा देवी दूसरी बार प्रखंड प्रमुख निर्वाचित की गई हैं। चुनाव की सारी प्रक्रिया एसडीओ आकाश चौधरी व जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान की देखरेख में पूरी हुई।
चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद अनुमंडल कार्यालय से बाहर निकलते ही नवनिर्वाचित प्रमुख उषा देवी को समर्थकों ने फूल-माला से लाद दिया। समर्थकों ने नारे लगाने के साथ जमकर अबीर-गुलाल भी उड़ाए। इस दौरान समर्थकों की खुशी देखते ही बनती थी। वहीं निर्वाचित प्रमुख लोगों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट कर रही थी।
रोसड़ा प्रखंड प्रमुख का चुनाव होने के बाद उप प्रमुख चुनाव के लिए भी सरगर्मी शुरू हो गयी है। नि:वर्तमान उप प्रमुख उषा देवी के प्रखंड प्रमुख चुने जाने के बाद से उप प्रमुख का पद रिक्त हो गया है। इसके लिए भी चुनाव होना है। फिलहाल चुनाव की तिथि निर्धारित नहीं की गई है।