CSP संचालक से लूटकांड का खुलासा, हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार, गोली से जख्मी तीसरे बदमाश की हुई मौत

समस्तीपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व गोलीमार CSP संचालक से हुई लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इसमे शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गोली से जख्मी दीपक की मौत मामले में भी बदमाशों ने बताया कि घटना में दीपक भी शामिल था, जिसे गोली  लग गयी थी। उक्त जानकारी एएसपी संजय कुमार पांडेय ने दी।

थाना परिसर में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि 12 मार्च को कल्याणपुर थाना अंतर्गत मूसेपुर मिल रोड में CSP संचालक विकास कुमार झा के साथ लूटपाट की घटना हुई थी। इस मामले में दो बदमाशों को हथियार व लुटे हुए बैग के साथ गिरफ्तार किया गया है। बैग में पीड़ित सीएसपी संचालक का कई कागजात भी मिला।

एएसपी ने बताया कि कांड में विकास कुमार झा द्वारा 13 मार्च को तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लूटपाट की घटना का आवेदन के आधार पर तीन अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। एएसपी ने बताया की तीन बदमाशों ने लूटपाट व गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। इसमें मुक्तापुर गांव के सुरेंद्र राय के पुत्र कुंदन कुमार को पकड़ा गया। फिर पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया।

फिर उसी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध लोडेड देशी कट्टा व गोली बरामद कर लिया गया है। साथ ही चांधरपुर गांव के रमेश प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र नीतिक कुमार के घर से लुटे हुए बैग को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि स्वीकारोक्ति बयान में कुंदन कुमार द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा विकास पर फायरिंग करने के क्रम में उनके साथी दीपक कुमार को भी गोली लग गई।

एएसपी ने बताया कि छापेमारी दल में शामिल प्रशिक्षण पुलिस उपाधीक्षक सह थाना अध्यक्ष नीतिश चंद्र घारिया, मथुरापुर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार, दारोगा संतोष कुमार के अलावे सिपाही ओम नारायण सिंह यादव, सिपाही राम जनम कुमार आदि शामिल थे। विदित हो कि लूटपाट के दौरान अपने साथी के गोली से जख्मी दीपक की मौत बुधवार को इलाज के दौरान हो गयी। एएसपी ने बताया कि दीपक के परिजनों द्वारा अबतक कोई आवेदन नही दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *