समस्तीपुर। रोसड़ा थाना क्षेत्र के देवनपुर में बेरहमी से पिटाई का शिकार हुए युवक की ईलाज के दौरान मौत हो गयी। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। मृतक गांव के ही बंगाली राउत का पुत्र राजकुमार राउत उर्फ छोटे राउत (35) बताया गया है। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने रोसड़ा-बहेड़ी मुख्य पथ को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।


स्थानीय लोग मृतक के परिजन को उचित मुआवजा देने व आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी किये जाने की मांग कर रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार नौ मार्च की शाम गांव के ही युवक शिवरात्रि मेला घुमने की बात कह कर ले गया। जिसके बाद उस दिन राजकुमार घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह के 09 बजे राजकुमार जख्मी हालत में कर्पूरी चौक के समीप पड़े होने की सूचना मिली।


सूचना पर परिजन घटना स्थल पहुंचे फिर उसे जख्मी हालत में उठाकर ईलाज में लेकर गए। ईलाज के दौरान ही उसकी मौत सोमवार की रात हो गयी। परिजनों की माने तो उसके शरीर के कई हिस्सों पर पिटाई के निशान भी था। इधर आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा सड़क जाम किए जाने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गई थी और सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। जाम में फंसे लोग काफी परेशान थे।


घटना की सूचना पर शिवाजीनगर सीओ वीणा भारती, सर्किल इंस्पेक्टर अकमल खुर्शीद, इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल, अपर थानाध्यक्ष आफताब आलम दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। फिर शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया। घटना के कारण उक्त पथ पर लगभग छह घंटे यातायात ठप रही।






