सोनपुर। पूर्व मध्य रेल अंतर्गत सोनपुर मंडल (sonpur division) के कुल 03 स्टेशनों काढ़ागोला रोड, शाहपुर पटोरी तथा बरौनी जंकशन के उन्नीकरण/पुनर्विकास तथा दलसिंहसराय स्टेशन के निकट ढाला नम्बर 32 तथा बरौनी फ्लैग के निकट ढाला नम्बर 9 पर रोड ओवर ब्रिज के निर्माण का शिलान्यास माननीय प्रधानमंत्री जी के कर कमलों द्वारा दिनांक 26 फरवरी 2024 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होना सुनिश्चित है।


इसी क्रम में समारोह स्थल (स्टेशन) के निकट विभिन्न स्कूलों में “2024 का विकसित भारत एवं विकसित रेल” विषय पर निबंध लेखन, पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके तहत काढ़ागोला स्टेशन के निकटवर्ती विद्यालयों में आयोजित इन प्रतियोगिताओ में सैकड़ों बच्चों ने हिस्सा लिया। शाहपुर पटोरी स्टेशन के निकटवर्ती विद्यालयों में कुल 205 बच्चों ने हिस्सा लिया।


इसी प्रकार बरौनी स्टेशन के निकटवर्ती विद्यालयों में कुल 294, बरौनी फ्लैग स्टेशन के निकटवर्ती विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 245 एवं दलसिंहसराय स्टेशन के निकटवर्ती विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 141 बच्चे सहित कुल 1104 बच्चे इन प्रतियोगिताओं में शामिल हुए। प्रत्येक स्कूल से तीनों विधाओं के प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थानों पाने वाले बच्चों का चयन किया गया।


इन बच्चों को 26 फरवरी 2024 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इन विद्यालय के बच्चों के द्वारा समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी की जाएगी। उक्त प्रतियोगिता के आयोजन से स्कूली बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच हर्षोल्लास का माहौल देखा गया।भारत सरकार (भारतीय रेल) के इस पहल की लोगों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।






