
यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के कई थाना का इलाका संवेदनशील माना जाता है। इसके तहत क्राइम कंट्रोल के साथ ही भू माफिया व शराब तस्करी पर शिकंजा कसना इन थानेदारों के लिए बड़ी चुनौती है। हाल के दिनों में ही कई पुलिस अधिकारी शराब माफियाओं के साजिश का शिकार हो चुके हैं। जिसके कारण निलंबन तक की कार्रवाई हो चुकी है। ऐसी स्थिति में एसपी विनय तिवारी ने अपने टीम में नए एवं युवा चेहरे को शामिल कर क्राइम कंट्रोल के लिए नयी जाल बिछायी गयी है। खासकर पांच थानों में डीआईयू टीम में शामिल अधिकारियों को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है।

ये पुलिस अधिकारी जो पिछले कई महीनों तक डीआईयू में कार्य करते हुए क्राइम कंट्रोल में बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन एक थानेदारी के रुप में ऐसे थानेदार को कई चुनौतियों से सामना करना पड़ेगा। शराबबंदी के बाद से कल्याणपुर थाना हमेशा से शराब तस्करी का गढ़ माना जा रहा है। जिसके कारण कई थानाध्यक्षों पर कार्रवाई की जा चुकी है। हाल के दिनों में भी एसपी विनय तिवारी ने कल्याापुर थाना के पूर्व थानाध्यक्ष गौतम कुमार एवं चकमेहसी के पूर्व थानाध्यक्ष चंद्रकिशोर टूडू पर शराब माफिया पर शिकंजा कसने में विफल होने पर कार्रवाई की जा चुकी है।

इसी प्रकार व्यवसायियों का हब माने जाने वाले मथुरापुर ओपी व ताजपुर थाना क्षेत्र के साथ ही मुसरीघरारी क्षेत्र में भी क्राइम कंट्रोल के साथ ही कई अवैध धंधा पर शिकंजा कसना इन थानेदारों के लिए चुनौती होगी। जिले के सबसे बड़े थाना के रुप में विभूतिपुर में क्राइम कंट्रोल एवं राजनीति दांवपेंच को संभालना भी आसान नहीं है। इसके अलावे बिथान, सिंघिया, मोहनपुर व हलई में भी कई चुनौती नए थानेदारों की होगी। विदित हो कि एसपी विनय तिवारी ने जिले में कार्यरत युवा पुलिस अधिकारियों पर ही भरोसा जताया है। जिसके कारण पहले चरण में 14 थानों में युवा थानेदारों की पोस्टिंग की गयी है।

एसपी ने सोमवार को युवा पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग करते हुए थानाध्यक्षों की सूची जारी की थी। जारी सूची के अनुसार पटोरी थाना के अपर थानाध्यक्ष संतोष यादव को अंगारघाट थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दलसिंहसराय में कार्यरत जेएसआई मंजूला मिश्रा को घटहो ओपी एवं महिला थाना के अपर थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी को महिला थानाध्यक्ष के रुप में पोस्टिंग की गयी है। इसी प्रकार सिंघिया थाना के अपर थानाध्यक्ष विशाल कुमार को सिंघिया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं डीआईयू शाखा में कार्यरत शनि कुमार मौसम को थानाध्यक्ष ताजपुर, राजन कुमार को थानाध्यक्ष कल्याणपुर, फैजुल अंसारी को थानाध्यक्ष मुसरीघरारी, अशोक कुमार को थानाध्यक्ष हलई ओपी एवं राहुल कुमार को थानाध्यक्ष पूसा बनाया गया है।

इसी प्रकार मुफस्सिल थाना के जेएसआई मुकेश कुमार को थानाध्यक्ष मथुरापुर ओपी, उजियारपुर के जेएसआई शकील अहमद को थानाध्यक्ष वैनी ओपी, पुलिस केंद्र से अजीत त्रिवेदी को थानाध्यक्ष मोहनपुर ओपी, मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष आनंद कश्यप को थानाध्यक्ष विभूतिपुर एवं सरायरंजन थाना के जेएसआई जवाहर लाल राम को थानाध्यक्ष बिथान बनाया गया है।

समस्तीपुर। समस्तीपुर में प्रशिक्षण लेने पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी नीतीश चंद्र धारियां को फिलहाल मुफस्सिल थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है। प्रशिक्षण के दौरान डीएसपी को किसी ना किसी थाना में बतौर थानाध्यक्ष के रुप में कार्य करना होता है। इसके तहत इन्हें मुफस्सिल थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है। यह वर्ष 2021 बैच के डीएसपी हैं।






