

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग दो स्थानों पर जमकर गोलीबारी की घटना हुई। घटना में पूर्व उपसरपंच सहित चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी का इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि घटना के पीछे के विवाद का पता नहीं चला है। जिसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद जख्मी के परिजनों के बीच दहशत का माहौल है। इधर दोनों घटना की जांच में पुलिस जुट गई है।


पहली घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव का है। जहां चाय दुकान पर विवाद के दौरान गोलीबारी हुई। घटना में चाय दुकानदार बाबूलाल सहनी समेत गांव के ही विजय सहनी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों के द्वारा बाबूलाल सहनी को विभूतिपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं विजय सहनी को भी समस्तीपुर शहर के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। वही विवाद के पीछे शराब की बात भी कहीं जा रही है।

दूसरी घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के लदौरा गांव वार्ड 7 की है। जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुखलेने सिंह एवं उसके भाई पूर्व उपसरपंच राजकुमार सिंह को गोली मार कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद जख्मी दोनों भाई को कल्याणपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां स्थिति गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजनों ने जख्मी दोनों भाई को मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की शाम सुखलेने सिंह अपने दरवाजे पर बाइक से उतर रहा था, इसी दौरान पीछा कर रहे तीन बदमाशों ने तावर तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसमें उसे दो गोली लगी। यह देखा उसका भाई पूर्व उपसरपंच राजकुमार सिंह भी उसे बचाने पहुंचा, तो बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी। फिलहाल दोनों मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।






