यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
पटना। सूबे के सभी नियोजित शिक्षकों का ब्योरा अब जिला स्तर पर दर्ज होगा। पोर्टल पर ब्योरा उपलब्ध कराने का कार्य जिला स्तर पर शिक्षा अधिकारियों द्वारा होगा। इस बाबत विभाग ने सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह स्वयं शिक्षकों के संबंध में पूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इससे पहले शिक्षकों को स्वयं यह पूरी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करनी थी।


एक लाख से अधिक शिक्षकों ने ब्योरा अपलोड भी कर दिया था। लेकिन, शिक्षा विभाग ने समीक्षा में पाया कि कई शिक्षकों के द्वारा अधूरी अथवा गलत जानकारी दी जा रही है। इसके बाद विभाग ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आदेश जारी किया है। दरअसल, शिक्षा विभाग ने निर्णय लिया था कि सभी नियोजित शिक्षकों का पूरा ब्योरा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज रहेगा। ताकि, किसी भी शिक्षक के बारे में पूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहे।


विभाग को जब भी जरूरत हो तो वह तत्काल शिक्षकों का पूरा ब्योरा प्राप्त कर सके। इसमें शिक्षकों के नाम, योगदान की तिथि,वेतनमान, प्रशिक्षण, प्रोन्निति, किस स्तर के शिक्षक हैं, किस स्कूल में कार्यरत हैं। ऐसी जानकारी इसमें रहेगी। साथ ही शिक्षकों का मोबाइल नंबर भी रहेगा। यह आंकड़ा जिला, प्रखंड, पंचायत और संकूल स्तर पर ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। (सा.एचएच)







