यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
सोनपुर। रेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सोनपुर मंडल के खगड़िया स्टेशन पर ट्रैक मेंटेनर-1 सूर्यदेव उरांव को वित्त वर्ष 2022-23 में उनके विशिष्ट कार्य, तत्परता और पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा से काम करने के लिये 15 दिसंबर 2023 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 68 वें रेल सप्ताह समारोह (राष्ट्रीय) में अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उरांव का नाम चयन होने के बाद सोनपुर रेलमंडल के अधिकारियों ने बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि सूर्यदेव उराँव दिनांक 19 मार्च 2023 को सुबह लगभग 5 : 40 बजे मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। ठीक उसी समय खगड़िया स्टेशन के क्रॉस ओवर 63 एबी से सीमांचल एक्सप्रेस गुजर रही थी। जिससे उन्हें ट्रैक पर से जोर से धमाके की आवाज सुनाई दी। उन्होंने जाकर देखा तो पाया कि मेन लाइन में चौथे स्ट्रेचर बार के पास टंग रेल फ्रेक्चर हो गया है। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल संबंधित पीडब्लूआई को दी और स्थिति से अवगत कराया।



उनकी सूचना पर तत्काल डाउन लाइन ट्रैक को आपातकालीन सुरक्षा के साथ ब्लॉक कर दिया गया। अगर इसके बाद कोई और ट्रेन मेन लाइन से गुजरती तो कोई भी हादसा हो सकता था। सूर्यदेव उराँव के इस प्रशंसनीय कार्य के लिए उन्हें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, 2023 से सम्मानित किया जा रहा है। विदित हो कि उराँव सोनपुर मंडल के एकमात्र कर्मचारी हैं, जिन्हें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, 2023 से सम्मानित किया जा रहा हैं।

मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर विवेक भूषण सूद ने उनके इस उल्लेखनीय कार्य हेतु उनकी भूरी भूरी प्रशंसा की है तथा रेलवे के संरक्षा से जुड़े सभी कर्मचारियों को इसी तरह सजगता, तत्परता तथा कर्त्तव्यनिष्ठा से कार्य करने तथा अपने कार्य के प्रति सदैव निष्ठावान रहने की सलाह दी। आगे उन्होंने कहा कि यह न केवल पुरस्कृत होने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिये उत्साहित करता है, अपितु अन्य कर्मचारियों को भी अपने कार्य के दौरान सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।







