यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। एटक जिला कमिटी की बैठक बंगाली टोला स्थित कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार देव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिला महासचिव रामलीला शर्मा ने शोक प्रस्ताव एवं कार्य रिपोर्ट पेश किया। जिस पर कई साथियों ने विचार व्यक्त किया। भाजपा हटाओ देश बचाओ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत किसान मजदूर महापड़ाव में 28 नवंबर को राजभवन के समक्ष सैंकड़ों की संख्या में जिला से पटना जाने का निर्णय लिया गया।
सीपीआई जिला मंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना ने एमएसपी की कानूनी गारंटी और किसानों की आय दुगुनी करने के वादे के साथ सत्ता में आई मोदी सरकार ने किसानों के साथ घोर विश्वासघात किया है। कोविड महामारी के दौरान पूँजीपतियों के साथ एक षड्यंत्र के तहत लाए गए तीन काले कृषि कानूनों की मदद से सरकार ने खेती को पूँजीपतियों को सौंपने की साजिश रची। मंडी अधिनियम और आवश्यक वस्तु अधिनियम में संशोधन कर केन्द्र सरकार ने फसल खरीद और खाद्य वितरण पर कॉर्पोरेट का कानूनी नियंत्रण स्थापित करने और मूल्य समर्थन और खाद्य सुरक्षा समाप्त करने की साजिश की।
किसानों को उनकी जमीन से बेदखल कर उन्हें बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश रची गई। इन तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ देश के किसानों ने 13 महीने लम्बी ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी, जिसमें 750 के करीब किसान शहीद हुए। इसके बाद भी, केन्द्र सरकार किसानों को दिए गए लिखित आश्वासनों को पूरा करने से मुकर गई। स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों को लागू करने और एमएसपी को कानूनी हक का दर्जा देने की जगह किसानों के साथ विश्वासघात किया गया।
किसानों की आय दुगुनी करने की जगह कृषि आय में गिरावट आई है। वहीं खाद, डीज़ल, पेट्रोल के दामों में अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी हुई है। एटक राज्य कार्यकारिणी में शशि रंजन कुमार बबलू एवं खेत मजदुर के राष्ट्रीय सम्मेलन में अनिल प्रसाद के राष्ट्रीय परिषद सदस्य चुने जाने का क्रांतिकारी अभिनंदन किया। सर्वसम्मति से दिसंबर माह में नगर निगम समस्तीपुर के समक्ष शहरी जन समस्याओं के निदान हेतु एटक के द्वारा धरना प्रदर्शन करने एवं एटक का दो दिवसीय जिला सम्मेलन फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में कल्याणपुर में करने का निर्णय लिया गया। मौके पर शत्रुघ्न प्रसाद पंजी, अर्जुन सहनी, मो सईद अंसारी, रामाशीष महतो, राजेश्वर चौधरी, मो यूनुस आदि मौजूद रहे।