छठ को लेकर अर्लट मोड में है बिजली, पुलिस व हेल्थ डिपार्टमेंट, बिजली विभाग का तीन शिफ्ट में शुरू हुआ कंट्रोल रूम, सभी छुट्टियां भी हुई रद्द

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। छठ के अवसर पर नियमित बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग ने भी कमर कस लिया है। वहीं चिकित्सा व्यवस्था को लेकर जहां सभी अस्पतालों में इमरजेंसी व्यवस्था को दुरुस्त करने का आदेश दिया गया है। जबकि छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। ताकि छठ के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, नियमित बिजली, यातायात व्यवस्था आदि में कोई परेशानी नहीं हो सके। इसको लेकर सभी विभाग लगातार मॉनिटरिंग भी करने में लगी है।

इस कड़ी में बिजली विभाग भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश सभी कर्मियों को दिया है। विद्युत अधीक्षण अभियंता सनत कुमार पाठक ने इसको लेकर आदेश भी जारी कर दिया है।
छठ में नियमित बिजली की आपूर्ति को लेकर सभी सर्किल में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। इन नियंत्रण कक्षों में तीन शिफ्ट में कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। ताकि लोगों को बिजली की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो सके। यह नियंत्रण कक्ष 18 से 20 नवंबर तक संचालित किया जाएगा।

विद्युत अधीक्षण अभियंता सनत कुमार पाठक ने सभी कर्मियों को अपने निर्धारित स्थलों पर समय से उपस्थित रहने का आदेश दिया है। उनके द्वारा जारी सूची के अनुसार विद्युत कार्यपालक अभियंता टीआरडब्ल्यू कल्याणपुर के उपेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नियत्रंण कक्ष का मोबाइल नंबर:
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल समस्तीपुर: 9264456416
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दलसिंहसराय: 9264456417
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल रोसड़ा: – 9264456418
नोडल अधिकारी : 7763815356


छठ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी सभी एसडीपीओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। एसपी विनय तिवारी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गतिशील रहने का आदेश दिया है। खासकर संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस करने को कहा गया है। वहीं किसी भी तरह के अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने एवं लोगों को किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करने को कहा गया। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग करने की अपील की गयी है।

वहीं शहरी क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लेकर ट्रैफिक थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है। छठ के दौरान सदर अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों के इमरजेंसी व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखने का आदेश डीएस एवं प्रभारियों को दिया गया है। सीएस डॉ. एसके चौधरी ने इमरजेंसी में सभी आवश्यक दवाओं के साथ-साथ कर्मियों एवं डॉक्टरों की उपस्थिति अनिवार्य रुप से सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।

ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो। वहीं सभी अस्पताल प्रबंधकों को एंबुलेंस सेवा को भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। सदर अस्पताल प्रबंधक डॉ. विश्वजीत रामानंद ने बताया कि इमरजेंसी में आवंटित सभी आवश्यक दवा उपलब्ध करा दी गयी है। साथ ही डॉक्टरों एवं कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *