20 अक्टूबर से न्यूनतम तापमान में आएगी गिरावट, उत्तर बिहार में अभी कुछ दिनों तक दिखेगा कोहरा

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

पटना। पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों में बुधवार से सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। इस कारण सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होगी। सोमवार की रात और मंगलवार को बारिश होने के कारण सुबह कोहरा के आसार बने हैं। दक्षिण बिहार के मुकाबले उत्तर बिहार के जिलों में कोहरा का अधिक असर दिखेगा। वहीं 20 अक्टूबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट भी आएगी। सोमवार की रात से मंगलवार तक पटना सहित राज्य के 11 जिलों में 23 जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पटना में कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात से मंगलवार तक पटना के अलावा गया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी, अरवल, नालंदा, बेगूसराय, गोपालगंज, खगड़िया में बारिश हुई। गया के शेरघाटी में सबसे अधिक 25.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। प. चंपारण के बेतिया में 19.2, सीतामढ़ी के पटोरी में 18.8, पूर्वी चंपारण के रक्सौल में 16, प. चंपारण के वाल्मीकि नगर में 14.6, पटना के बिहटा और सीतामढ़ी के पुपरी में 11 मिलीमीटर से कम बारिश हुई।

बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की मंगलवार को वापसी हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून को राज्य में मानसून प्रवेश किया था। जो पूरे बिहार में 25 जून तक फैला। वहीं राज्य से मानसून की वापसी 9 अक्टूबर से शुरू हुई। 17 अक्टूबर को यह पूरे राज्य से विदा हो गया। मानसून के दौरान राज्य में सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई। राज्य में सामान्य तौर पर 992.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 760.5 मिलीमीटर ही बारिश हुई। सा.एचएच।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *