दरभंगा एम्स सहित 19 परियोजना की समीक्षा करेंगे राष्ट्रपति, राज्य सरकार से केंद्र की 19 योजनाओं की मांगी गयी रिपोर्ट

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

दूरबीन डेस्क। दरभंगा एम्स की जमीन को लेकर चल रही रस्साकशी के बीच राष्ट्रपति भवन ने उसकी रिपोर्ट मांगी है। राष्ट्रपति भवन के उपसचिव 18 अक्टूबर को सूबे में केंद्र की 19 परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे, इसमें दरभंगा एम्स भी शामिल है। उप सचिव ने राज्य सरकार से सभी 19 प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट पीएमजी पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया है, ताकि बैठक के दौरान सभी योजनाओं की समीक्षा की जा सके। राष्ट्रपति भवन के उप सचिव संजय कुमार दास गुप्ता बिहार में केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसको लेकर राज्य सरकार ने परियोजना वाले प्रत्येक जिले से रिपोर्ट मांगी है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और योजना एवं विकास विभाग ने सभी डीएम को रिपोर्ट देने के लिए कहा है।

दिए गए निर्देश में कहा गया कि सभी डीएम परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पीएमजी पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि राष्ट्रपति सचिवालय स्थिति की समीक्षा कर सके। योजना एवं विकास विभाग के संयुक्त निदेशक प्रेम प्रकाश ने इसके लिए सभी विभाग के अपर सचिव को उक्त समीक्षा बैठक में शामिल होने को कहा है। जिन विभागों के अपर सचिव बैठक में हिस्सा लेंगे, उनमें भूमि सुधार विभाग, पथ निर्माण विभाग, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, ऊर्जा विभाग, जल संसाधन विभाग व शिक्षा विभाग शामिल है।

जिन 19 परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में होगी, उनमें दरभंगा एम्स, भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन दरभंगा फोरलेन, सहरसा पूर्णिया परियोजना, रजौली बख्तियारपुर परियोजना, गया इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग कलस्टर, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी की परियोजना, पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, बख्तियारपुर मोकामा परियोजना, छह लेनिंग के लिए कन्हौली रामनगर परियोजना, बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट, हाजीपुर-सुगौली न्यू रेल लाइन जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *