समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखण्ड के पतैली पूर्वी पंचायत के बलरामपुर गांव स्थित एक चावल गोदाम में उजियारपुर पुलिस ने छापेमारी कर ट्रक पर लदी बिना कागजात का 550 बोरी चावल को जप्त कर लिया है। इसके बाद सूचना पर उजियारपुर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत झा ने प्रारम्भिक जांच में चावल की बोरियां को अवैध मानते हुए ट्रक पर लदी चावल की बोरियां को गोदाम में उतरवाकर गोदाम को सील कर दिया। इस बाबत उजियारपुर एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें मंगलवार की शाम को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त गोदाम से अवैध चावल रात के अंधेरे में ट्रक पर लोड कर कहीं बाहर भेजने की तैयारी ही रही है।



इसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस मामले की छानबीन करते हुए चावल व ट्रक को तत्काल जब्त कर आपूर्ति विभाग को जांच के लिए सूचित कर दिया। इधर बुधवार को जांच करने पहुंचे एमओ रंजीत झा ने बताया कि मिल पहुंचकर जब्त चावल के बारे में गोदाम संचालक से पूछताछ की गई। उन्होंने चावल के सम्बंध में उपयुक्त कागजात रहने की बात कहते हुए बाद में प्रस्तुत करना कहा। इसके बाद ट्रक पर लदी चावल को गोदाम में उतरवाकर को सही कागजात उपलब्ध कराने तक गोदाम को सील कर दिया गया है।



उधर पुलिस ने चावल अनलोड करने के बाद ट्रक को थाने लेकर चली गई। इस बीच गोदाम संचालक चिंटू अग्रवाल ने बताया कि चावल वैध कागजात के साथ पश्चिम बंगाल के एक खरीदार को भेजने की तैयारी थी। इसी बीच प्रतिस्पर्धा में इर्ष्या से पुलिस को कुछ लोग गुमराह कर कार्रवाई कराया है।





