समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के चर्चित मोहनपुर ओपी के तत्कालीन प्रभारी नंदकिशोर यादव हत्याकांड मामले में 5वां आरोपी को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता हाथ लगी। तकनीकी जांच के दौरान आरोपी युवक को पुलिस टीम ने जहानाबाद से गिरफ्तार किया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक की मेडिकल जांच सदर अस्पताल में कराया। गिरफ्तार युवक की पहचान नालंदा जिला के चिकसौरा थाना अंतर्गत भवानी बिगहा गांव निवासी लालू प्रसाद यादव के 22 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में की गयी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त युवक के जहानाबाद में होने की सूचना पुलिस की तकनीकी सेल को मिली।



जिसके बाद एसआईटी और पटोरी थाने के पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी कर युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए शुक्रवार को सदर अस्पताल लेकर पहुंची थी। बताया गया है कि जिस जब ट्रक को नंदकिशोर यादव द्वारा जब्त कर मोहनपुर ओपी ले जाया जा रहा था तो उस ट्रक को विपिन ही ड्राइव कर रहा था। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद विपिन अपने साथियों के उसी ट्रक से लेकर फरार हो गया था।



विदित हो कि 15 अगस्त के अहले सुबह उजियारपुर थाने के शहबाजपुर गांव के पास पशु तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर की गयी छापेमारी के दौरान अपराधियों द्वारा मोहनपुर एसएचओ नंद किशोर यादव को गोली मार दी गयी थी। बाद में उपचार के दौरान पटना में उनकी मौत हो गई थी। इस मामले मे इससे पहले पुलिस 4 अन्य बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार बदमाशों में बिगहा के विकास कुमार, गराई बिगहा के मो. रईस, भवानी बिगहा के धनंजय यादव और खुशबूपुर थाना निवासी रवि कुमार शामिल हैं।






