
समस्तीपुर। बिहार में शराबबंदी के बाद शराब के धंधे में शामिल धंधेबाज तरह-तरह के जुगाड़ टेक्नोलॉजी अपना रहे हैं। जिसके कारण शराब के धंधे को रोकना पुलिस के लिए भी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। नित नए नए तरीके से शराब के धंधेबाज समस्तीपुर में शराब की आपूर्ति करने में लगे हुए हैं। ताजा मामला समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र का है, जहां मुर्गी दाना लदे ट्रक में लाखों का शराब बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंद गोलवा गांव के पास बुधवार को एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक मुर्गी दाना लेकर जा रहा था, लेकिन चालक के संतुलन खोने के कारण ट्रक पलट गयी।। ट्रक के पलटने पर ट्रक के अंदर से मुर्गी दाना के साथ भारी मात्रा में विदेशी शराब बाहर निकल कर बिखर गया।

घटना की जानकारी जंगल मे आग की तरह फैल गयी। जिसके कारण लोगो की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गयी। स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक से काफी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया। वही घटनास्थल से चालक व धंधेबाज फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मुर्गी दाना के बहाने स्थानीय धंधेबाज को शराब की आपूर्ति की जाने वाली थी। लेकिन सड़क पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसके कारण ट्रक में लोड शराब की काफी बोतले भी टूट गई। जिससे शराब की बदबू निकलनी शुरू हो गई। यह देख जैसे ही लोग जुटने लगे, वैसे ही शराब कि धंधेबाज एवं ट्रक चालक वहां से फरार हो गया।

उधर, मोहिउद्दीननगर थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि ट्रक से बरामद शराब को जप्त कर लिया गया है। घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शराब की खेप कहा से आयी है इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। कि कारोबारी किस स्थानीय कारोबारी को डिलेवरी देने के लिए पहुंचे थे।







