व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले में दिव्यांगजनों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ऐसे दिव्यांग मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक सूची में दर्ज नहीं है। गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जिला मॉनिटरिंग कमिटी ऑन असेंबली इलेक्शन (डीएमसीएई) की बैठक हुई। इसमें दिव्यांग मतदाताओं के निबंधन, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और जागरूकता अभियान चलाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश पर जिला स्तर पर डीएमसीएई का गठन किया गया है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान दिव्यांग मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जिले में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी सदस्यों को दी गई।


प्रारूप निर्वाचक सूची के प्रकाशन के बाद जिले में कुल 36,451 दिव्यांग मतदाता चिह्नित किए गए हैं। इनमें दृष्टिबाधित 5,951, चलने-फिरने में दिव्यांग 14,518, श्रवण बाधित 4,179 और अन्य श्रेणी के 11,803 मतदाता शामिल हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र दिव्यांग व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा-आपत्ति
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। इस पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा और आपत्ति प्राप्त की जाएगी। प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।


मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और किसी प्रकार के संशोधन के लिए प्रपत्र-8 में आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए वोटर सर्विस पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन और सक्षम एप का भी उपयोग किया जा सकता है।
दिव्यांगजनों की जांच के लिए लगेंगे विशेष शिविर
डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के ऐसे दिव्यांगजनों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। सिविल सर्जन को दिव्यांगजनों की जांच कर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।


बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सहायक निदेशक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, पीडब्ल्यूडीएस आइकॉन रंजीत कुमार सहनी और उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

*चार साल बाद पुलिस ने अपहरण कांड का किया उद्भेदन, मधुबनी से युवती बरामद – Doorbeen News*
चार साल बाद पुलिस ने अपहरण कांड का किया उद्भेदन, मधुबनी से युवती बरामद





