समस्तीपुर में घर में फंदे से लटका मिला 21 वर्षीय विवाहिता का शव, हत्या की आशंका

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: सिंघिया थाना अतर्गत सालेपुर पंचायत के भीरार गांव के वार्ड 12 में गुरुवार को एक 21 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान भीरार गांव निवासी सोनू कुमार पासवान की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार काजल कुमारी जहांगीरपुर गांव निवासी रामशंकर पासवान की पुत्री थी। उसकी शादी सोनू कुमार पासवान से हुई थी। दंपती का तीन वर्षीय एक पुत्र भी है। बताया जाता है कि मृतका का पति फिलहाल दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलने पर सिंघिया थाना के पुलिस पदाधिकारी मिथुन कुमार और सुरेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजने की प्रक्रिया पूरी की। इधर मृतका की नानी समेत मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि काजल बैंक से एक लाख चार हजार रुपये निकालकर घर लौटी थी। इसके बाद रात में उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने मृतका के जेवरात गायब होने की बात भी कही है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस पदाधिकारी मिथुन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की है। हालांकि घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद से गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

*विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ नीरजा मिश्रा के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित – Doorbeen News*

विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ नीरजा मिश्रा के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *