चार नए श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच सांकेतिक चेक का किया गया वितरण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : उप श्रमायुक्त दरभंगा की उपस्थिति में आज राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय सरायरंजन के सभागार, समस्तीपुर में चार नई श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप श्रमायुक्त राकेश रंजन, प्रखण्ड प्रमुख सरायरंजन वीणा देवी, उप प्रमुख संजीव ठाकुर, नगर मुख्य पार्षद नगर पंचायत सरायरंजन  पूजा कुमारी, कारखाना निरीक्षक समस्तीपुर, ESIC एवम EPFO पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी समस्तीपुर जिला सहित अन्य पदाधिकारियों एवं श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए चार नई श्रम संहिताओं के महत्व एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि वेतन संहिता, 2019, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता, 2020 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी उद्योगों के नियोजकों, प्रतिनिधियों एवं कामगारों को प्रशिक्षण के माध्यम से दी जाएगी।

उप श्रमायुक्त  राकेश रंजन एवम प्रखण्ड प्रमुख सरायरंजन ने अपने संबोधन में नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए मुख्यमंत्री के सात निश्चय कार्यक्रम की भी जानकारी दी।

लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं के सांकेतिक चेक वितरित: इस अवसर पर उप श्रमायुक्त दरभंगा, प्रखण्ड प्रमुख वीणा देवी एवम नगर मुख्य पार्षद  पूजा कुमारी द्वारा विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच सांकेतिक चेक वितरित किए गए। इनमें ज्योति देवी के पति एवम रवीन्द्र पासवान के पुत्र की मृत्यु के उपरांत कर्मचारी प्रतिकर राशि, पिंकी देवी के पति के दुर्घटना मृत्यु के उपरांत बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के अंतर्गत एवम सरिता देवी के पति का स्वाभाविक मृत्यु उपरांत बिहार शताब्दी योजना अंतर्गत सांकेतिक चेक दिया गया।

चार नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों पर दिया गया प्रशिक्षण : प्रशिक्षण सत्र में ईपीएफओ (केंद्रीय), मुजफ्फरपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार ने कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने भविष्य निधि, पेंशन एवं बीमा के लाभ तथा उमंग एवं यूनिफाइड पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी।

सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि निर्धारित पात्रता के अनुसार कामगारों को चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना की स्थिति में उपचार, मुआवजा एवं पेंशन संबंधी लाभ उपलब्ध कराए जाते हैं।

कारखाना निरीक्षक मनुज कुमार ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में नई श्रम संहिताओं के अनुपालन तथा कामगारों के अधिकारों एवं कार्यस्थल की सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी।

मास्टर प्रशिक्षक एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सिंहवाड़ा मनीष कुमार ने वेतन संहिता, 2019 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार व्यापक श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। नई व्यवस्था का उद्देश्य श्रमिकों को उचित वेतन, बोनस, उपादान एवं अन्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, विद्यापतिनगर ने औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 के अंतर्गत कार्यस्थल पर शिकायत निवारण समिति, कार्य समिति, सेवा नियम, सेवा शर्तों में बदलाव तथा नियत अवधि के श्रमिकों के अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया एवम सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत भविष्य निधि, पेंशन, कर्मचारी बीमा, ग्रेच्युटी, मातृत्व लाभ, रोजगार संबंधी चोट के प्रतिकर तथा असंगठित, गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी दी।

वहीं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, बेनीपुर ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता, 2020 के प्रावधानों पर जानकारी देते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, कल्याणकारी सुविधाओं एवं नियोजकों की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया।

श्रमिकों से नई श्रम संहिताओं का लाभ उठाने की अपील : श्रमिक संघ के प्रतिनिधि राम विलास शर्मा, शशि रंजन कुमार एवम प्रेम कुमार राय ने नई श्रम संहिताओं के तहत श्रमिकों को प्राप्त अधिकारों एवं उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए सभी कामगारों से इन प्रावधानों का समुचित लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में मिथिला डेयरी, समस्तीपुर से  राम एकबाल यादव, बिरला चीनी मिल, हसनपुर के प्रबंधक प्रतिनिधि तथा रामेश्वर जूट मिल से प्रबंधक प्रतिनिधि सहित विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को चारों नई श्रम संहिताओं से संबंधित पुस्तिका उपलब्ध कराई गई। साथ ही बाल श्रम का नियोजन नहीं करने के संबंध में शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर पट्ट पर प्रतिभागियों से हस्ताक्षर भी प्राप्त किए गए।

इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रम विभाग के कर्मी एवम डाटा इंट्री ऑपरेटर, कामगार एवं श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

*बिरौल पटनिया गांव में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ – Doorbeen News*

बिरौल पटनिया गांव में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *