छठ को लेकर सिंघिया बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, सुबह आठ से रात आठ बजे तक लागू रहेगा आदेश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk:  लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजार में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं एवं खरीदारों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष कदम उठाया है। खरना के दिन शनिवार को सिंघिया बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने तथा आमजनों एवं दुकानदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

रोसड़ा एसडीओ के निर्देश पर सुबह आठ बजे से संध्या आठ बजे तक भारी वाहनों की सिंघिया बाजार की ओर आवाजाही बंद रहेगी। बीडीओ विवेक रंजन एवं थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता के अनुरोध पर यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत सिंघिया बाजार के बथान चौक, सुभाष चौक, कलाली चौक सहित बाजार के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

सिंघिया बाजार की ओर आने वाले भारी वाहनों को बाजार से करीब तीन से चार किलोमीटर पहले ही विभिन्न निर्धारित स्थानों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बलहा, मुड़वारा चौक, वारी चौक एवं वारा चौक पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी इन स्थानों पर आने-जाने वाले भारी वाहनों पर नजर रख रहे हैं और उन्हें बाजार की ओर प्रवेश करने से रोक रहे हैं।

प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी स्थिति में भारी वाहन बाजार के भीड़भाड़ वाले हिस्से में प्रवेश नहीं करें। खरना के अवसर पर शनिवार को बाजार में छठ पूजा की सामग्री, फल, सूप, दउरा, नारियल, ईख एवं अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

बाजार में खरीदारों की अधिक भीड़ रहने के कारण अक्सर सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगने से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बीडीओ विवेक रंजन एवं थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता स्वयं सड़क पर उतरे और विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर भारी वाहनों को रोकने की कार्रवाई का जायजा लिया।

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया। प्रशासन की इस पहल से खरना के दिन बाजार में खरीदारी करने आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय दुकानदारों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही रविवार को छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य तक बाजार में भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

*खरना की खरीदारी को उमड़ी भीड़, बाघोपुर बाजार में घंटों लगा भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी – Doorbeen News*

खरना की खरीदारी को उमड़ी भीड़, बाघोपुर बाजार में घंटों लगा भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *