व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk | समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय सोनू सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन की खरीद-बिक्री और गिरवी रखने से जुड़े विवाद में सुपारी देकर हत्या की साजिश रची गई थी। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो शूटर, एक कथित साजिशकर्ता और एक अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त किया है। मामले के उद्भेदन में एसटीएफ की मदद ली गई।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर पार्किंग के पास चकहबीब निवासी कृष्णचंद सिंह के 32 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में 6 नवंबर को मुसरीघरारी थाना में प्राथमिकी संख्या 113/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जमीन के लेनदेन का विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक के पिता की विभूतिपुर थाना क्षेत्र के रूपौली खुर्द में एक मठ के पास करीब सात बीघा जमीन है। पुलिस के मुताबिक, इस जमीन के संबंध में पहले मृतक की ओर से ढाई बीघा, फिर एक बीघा और छह कट्ठा जमीन अलग-अलग लेनदारों के पास गिरवी रखकर रुपये उठाए गए थे।
इसके बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र की चकहबीब बाघी पंचायत के चकश्याम नगर में करीब साढ़े चार कट्ठा और फिर साढ़े तीन कट्ठा जमीन के संबंध में अलग-अलग लेनदारों के माध्यम से लेनदेन और बिक्री की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, जमीन को गिरवी रखने और रुपये के लेनदेन को लेकर मनमुटाव और विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की साजिश रची गई।
बिचौलिये के माध्यम से शूटरों को दी गई सुपारी
पुलिस के मुताबिक, इसी कड़ी में मोनू ने सोनू सिंह की हत्या कराने के लिए एक बिचौलिये को सुपारी दी। बिचौलिये ने हत्या की जिम्मेदारी प्रशांत कुमार को सौंपी। इसके बाद प्रशांत ने दो शूटर राज कुमार उर्फ राजू और कुंदन कुमार को सोनू सिंह की हत्या करने के लिए सुपारी दी। पुलिस का दावा है कि दोनों शूटरों ने घटना को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रशांत कुमार उर्फ पालो (21), राज कुमार उर्फ राजू (25), कुंदन कुमार (करीब 19) और किशोर कुणाल उर्फ मोनू (30) को गिरफ्तार किया है। प्रशांत और राज कुमार का पता कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र बताया गया है, जबकि कुंदन आधारपुर और किशोर कुणाल चकहबीब का निवासी है।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। प्रशांत कुमार उर्फ पालो के खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत तीन मामले दर्ज हैं। राज कुमार उर्फ राजू के खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, चोरी, गृहभेदन और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 मामले दर्ज बताए गए हैं।
वहीं, कुंदन कुमार के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती की योजना, गृहभेदन, मारपीट और रंगदारी समेत सात मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से अन्य आपराधिक मामलों के उद्भेदन की भी संभावना है।

तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य उपलब्ध हैं। घटना में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता भी जांच के दौरान सामने आई है। उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस हत्याकांड के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी में एसटीएफ का भी सहयोग मिला। छापेमारी टीम में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी विजेश कुमार सिंह, रंगीलाल साह, डीआईयू के अमित कुमार और शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

*विश्व मधुमेह दिवस पर मंडलीय रेलवे अस्पताल, समस्तीपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, 89 मरीजों तथा रेलकर्मियों की शुगर की जांच की गई – Doorbeen News*









