व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सिंघिया प्रखंड क्षेत्र में छठ घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न तालाबों, पोखरों और नदियों के छठ घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
प्रखंडवासियों के सहयोग और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के स्वच्छता कर्मियों के माध्यम से घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है। वहीं खतरनाक एवं अधिक गहरे घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।


छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों पर जमा कचरा, गंदगी और उगी झाड़ियों को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों के आसपास की साफ-सफाई कर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि व्रतियों को भगवान भास्कर को अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ ही छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कराने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने और पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
इसी क्रम में रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार, बीडीओ विवेक रंजन, बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पानी की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था तथा पहुंच पथ की स्थिति का जायजा लिया।


साथ ही संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान न्योरी घाट पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने अधिकारियों को घाट के आसपास मगरमच्छ देखे जाने की जानकारी दी।
ग्रामीणों की इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ विवेक रंजन ने स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता और सजगता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान नदी एवं तालाबों में उतरते समय किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

इस संबंध में बीडीओ की ओर से रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी को पत्र के माध्यम से सूचना दे दी गई है। वहीं, एसडीओ पूजा कुमारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी, रोसड़ा वन प्रक्षेत्र को इसकी सूचना दी है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
न्योरी घाट पर मगरमच्छ देखे जाने की ग्रामीणों की सूचना के बाद घाट की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर प्रखंड प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, पहुंच पथ, पेयजल और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। खतरनाक एवं गहरे घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की अनहोनी से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


*पानी भरे गड्ढे में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत, गांव में पसरा मातम – Doorbeen News*
पानी भरे गड्ढे में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत, गांव में पसरा मातम





