व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : सिंघिया थाना अंतर्गत सिंघिया रोसड़ा मुख्य सड़क एसएच-88 पर बेहट गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप की ठोकर से पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। वहीं बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक बच्चे की पहचान बेगूसराय जिले के बखरी थाना अंतर्गत बहोरचक गांव निवासी राज कुमार शर्मा के पांच वर्षीय पुत्र कृष्णा उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गोलू कुमार अपने ननिहाल सिंघिया थाना क्षेत्र के बेहट गांव में रह रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को सिंघिया रोसड़ा मुख्य सड़क पर बेहट गांव के समीप सिंघिया की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप ने उसे जोरदार ठोकर मार दी।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. विकास कुमार ने बच्चे की जांच की। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक की इस सूचना के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बच्चे की सलामती की उम्मीद लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे, उसकी मौत की खबर सुनते ही उनका धैर्य जवाब दे गया।
अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।इधर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मिथुन कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया। मासूम गोलू की असामयिक मौत से ननिहाल बेहट और पैतृक गांव बहोरचक में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


परिवार के लोगों के लिए इस दुखद घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है। हंसते-खेलते बच्चे की अचानक हुई मौत ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।


*छठ पूजा को लेकर प्रभुजी घाट की दीवारों पर उकेरी जा रही बनारस घाट की खूबसूरत छवि – Doorbeen News*
छठ पूजा को लेकर प्रभुजी घाट की दीवारों पर उकेरी जा रही बनारस घाट की खूबसूरत छवि






