व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिवाजीनगर प्रखंड अतर्गत छठ घाटों की साफ-सफाई का अभियान तेज कर दिया गया है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में स्वच्छता कर्मियों द्वारा छठ घाटों की सफाई कराई जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को करियन गांव में स्वच्छता पर्यवेक्षक जयकांत राय के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वच्छता कर्मियों ने गांव के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई की और घाटों पर जमा कचरे एवं गंदगी को हटाया।


छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष महत्व होता है। इसे ध्यान में रखते हुए अभियान के तहत घाटों के आसपास फैली गंदगी को हटाने के साथ ही पूजा-अर्चना के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। सफाई अभियान में कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर घाटों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने का प्रयास किया।
स्वच्छता पर्यवेक्षक जयकांत राय ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है।


अभियान का मुख्य उद्देश्य व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देना तथा घाटों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पर्व को लेकर स्वच्छता कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सफाई कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि छठ घाटों एवं उसके आसपास कूड़ा-कचरा नहीं फैलाएं तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। सामूहिक प्रयास से ही छठ घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

*बंद और ध्वस्त पड़े नल जल को चालू कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर DM का निकाला अर्थी जूलूस – भाकपा माले – Doorbeen News*







