रांची के होटल में पूर्व सैनिक का शव मिलने से रामभद्रपुर में मातम, दूसरी पत्नी पर हत्या का आरोप

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रजौर रामभद्रपुर पंचायत के रामभद्रपुर गांव वार्ड 2 निवासी पूर्व सैनिक अविनाश कुमार झा (45) का शव झारखंड की राजधानी रांची के एक होटल में मिलने की सूचना से गांव में मातम पसरा है। वे स्व बृहस्पति झा के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक का अंतिम संस्कार बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट पर किया गया, जहां उनके पुत्र ओम कुमार झा ने उन्हें मुखाग्नि दी। स्थानीय लोगों एवं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अविनाश कुमार झा की दो शादियां हुई थीं। उनकी पहली पत्नी रेणु कुमारी खानपुर थाना क्षेत्र के भानपुर गांव की रहने वाली हैं। उनसे एक पुत्र ओम कुमार झा हैं।

वहीं उनकी दूसरी पत्नी सलिल रानी दरभंगा जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोटेला गांव की निवासी बताई गई हैं। मृतक की मां और पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पिछले करीब ढाई वर्षों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि अविनाश कुमार झा के बैंक खाते में करीब 70 लाख रुपये थे, लेकिन दूसरी पत्नी उन्हें रुपये नहीं दे रही थी।

इसके अलावा रांची में उनके नाम से जमीन भी थी, जिसे बेचने के लिए ले जाया गया था। परिजनों का आरोप है कि जमीन बेचने के बाद मिली रकम को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि घटना के बाद दूसरी पत्नी वहां से फरार हो गई। हालांकि हत्या के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पूर्व सैनिक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

*ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत, तीन घंटे जाम रहा सिंघिया-दरभंगा मुख्य मार्ग – Doorbeen News*

ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत, तीन घंटे जाम रहा सिंघिया-दरभंगा मुख्य मार्ग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *