समस्तीपुर में बारूद के ढेर पर बाजार! 25 पटाखा दुकानों में सिर्फ 7 के पास लाइसेंस, दो दुकानें सील, यहां चलती है दुकानें

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk:  समस्तीपुर। दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में पटाखों की दुकानें सजने लगी हैं। लेकिन इन दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंस को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। शहर के कई घनी आबादी वाले इलाकों में पटाखों की बिक्री हो रही है। स्थानीय स्तर पर यह भी शिकायत है कि कुछ दुकानदार घनी बस्तियों में ही पटाखों का भंडारण कर रहे हैं। ऐसे में यदि आग लगने या विस्फोट जैसी कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है।

इसी बीच प्रशासन ने पटाखा दुकानों की सुरक्षा और लाइसेंस को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को अग्नि समन्वय अधिकारी धनंजय कुमार रंजन ने पटाखा दुकानदारों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दुकानदारों को वैध लाइसेंस बनवाने, दुकान में अग्निशमन उपकरण रखने और आग से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने को कहा गया।

25 दुकानों में केवल 7 के पास लाइसेंस

अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, जिले में करीब 25 पटाखा दुकानें संचालित हैं, जिनकी जांच की गई। इनमें से मात्र सात दुकानदारों ने ही लाइसेंस बनवा रखा है। यह स्थिति सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ाने वाली है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नियमों का पालन नहीं करने के मामले में दो दुकानों को सील भी किया जा चुका है।

घनी आबादी में दुकानें, हादसे का खतरा

शहर के गोला रोड, मारवाड़ी बाजार, स्टेशन रोड, ताजपुर रोड और मोहनपुर रोड सहित कई इलाकों में पटाखों की दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें कुछ इलाके काफी घनी आबादी वाले हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पटाखों की बिक्री के साथ-साथ उनके भंडारण की भी जांच होनी चाहिए। दुकानों में अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सीवान की घटना के बाद प्रशासन हुआ सतर्क

हाल में सीवान में हुई घटना के बाद पटाखों के भंडारण और बिक्री को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है। समस्तीपुर में भी दो गोदाम सील किए जाने की कार्रवाई हुई है। हालांकि, शहर में संचालित अन्य दुकानों और उनके भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जरूरत है।

लाइसेंस और सुरक्षा उपकरण रखने का निर्देश

बैठक में अग्निशमन अधिकारी ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री नहीं करें। दुकान में आग बुझाने के उपकरण उपलब्ध रखें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। अब देखना होगा कि दीपावली से पहले प्रशासन सभी दुकानों और गोदामों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कितनी सख्त कार्रवाई करता है।

*बंधार पंचायत में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी – Doorbeen News*

बंधार पंचायत में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *