व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: खानपुर (समस्तीपुर)। रबी फसल की बुआई के मौसम में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर खानपुर प्रखंड में किसान संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्वतंत्र किसान मजदूर सेवा संस्थान एवं खाद विक्रेता संघ, खानपुर ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय स्तर पर विभिन्न प्रमाणपत्रों और सेवाओं के नाम पर कथित अवैध वसूली से किसान परेशान हैं। किसानों ने रासायनिक उर्वरक एवं बीज को अनुदानित सरकारी दर पर उपलब्ध कराने, कृषि उत्पादों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने, खेतों तक सिंचाई एवं बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने, पशु खरीद अनुदान का भुगतान तथा अन्य लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।


वहीं खाद विक्रेता संघ, खानपुर ने आरोप लगाया कि बुआई के मौसम में जानबूझकर खाद की कृत्रिम किल्लत पैदा कर कालाबाजारी और ओवररेटिंग को बढ़ावा दिया जाता है। संघ का कहना है कि कार्रवाई बड़े थोक कारोबारियों के बजाय छोटे खुदरा दुकानदारों पर की जाती है। संघ ने मांग की कि कंपनियां एवं थोक विक्रेता निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराएं, ताकि किसानों को डीएपी और यूरिया सरकारी दर पर मिल सके तथा कृत्रिम संकट समाप्त हो।
सभा को संबोधित करते हुए किसान संगठन के नेता प्रेमानंद सिंह ने कहा कि खानपुर प्रखंड की ग्राम पंचायत पुरूषोत्तम पुर अन्नु में करीब 200 महादलित भूमिहीन परिवारों ने सहयोग पोर्टल के माध्यम से बासगत पर्चा के लिए आवेदन किया है, लेकिन अब तक उन्हें लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को अंचल कार्यालय, खानपुर द्वारा ग्राम पंचायत पुरूषोत्तम पुर अन्नु में ग्राम कचहरी की जमीन का बासगत पर्चा मुखिया के निकटस्थ परिजनों के नाम निर्गत कर दिया गया।


उन्होंने भूमिहीन परिवारों की उपेक्षा कर प्रभावशाली एवं कथित गैर-पात्र लोगों के नाम पर्चा जारी किए जाने पर रोष व्यक्त करते हुए ऐसे सभी बासगत पर्चों को रद्द कर वास्तविक पात्र भूमिहीन परिवारों को वास स्थल का बासगत पर्चा देने की मांग की।
सभा में स्वतंत्र किसान मजदूर सेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष गौरी शंकर मिश्रा, मिथिला मिल्क यूनियन के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार आजाद, राम कुमार चौधरी, उपेंद्र सिंह, प्रेमा नन्द सिंह, डॉक्टर रणधीर वर्मा, लक्ष्मण महतो, आरती कुमारी, विष्णुदेव राय, रामपुनित राय, यशवंत कुमार उर्फ दिलवर, पशुपालक किसान संगठन के अध्यक्ष बैजनाथ चौधरी, वार्ड सदस्य फूल कुमारी, शिवजी सदा, बैजनाथ सदा, तेतर सदा सहित अन्य किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


*समस्तीपुर में 1 नवंबर से राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता, बिहार की 10 टीमें दिखाएंगी दमखम; तीन आयु वर्गों में होंगे मुकाबले – Doorbeen News*






