व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर से डुमरा पथ के 10.709 किलोमीटर हिस्से में गलगल चौक से डुमरा मोहन चौक तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को लेकर सोमवार को डुमरा मोहन पंचायत भवन परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनसुनवाई की अध्यक्षता सीओ अम्बपाली यादव ने की । ललित नारायण मिथिला आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान, पटना के बैनर तले आयोजित जनसुनवाई में सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर रैयत किसानों को जानकारी दी गई और उनसे सुझाव लिए गए।


कार्यक्रम में संस्थान के सामाजिक विकास पदाधिकारी डॉ. रणधीर प्रताप सिंह, सीओ अम्बपाली
यादव एवं समाजसेवी संतोष कुमार सिंह सहित स्थानीय रैयत किसान और ग्रामीण शामिल हुए। सीओ अम्बपाली यादव ने सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया एवं रैयतों को दी जाने वाली आवश्यक जानकारी से अवगत कराया।
बताया गया कि सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए सरकारी अमीन द्वारा भूमि की मापी की जाएगी। मापी से पहले संबंधित सभी भू-धारियों को इसकी सूचना दी जाएगी, ताकि वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित रहकर भूमि की मापी की प्रक्रिया से अवगत हो सकें। जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य भूमि अधिग्रहण से संबंधित लोगों की आशंकाओं को दूर करना तथा उनकी राय और सुझाव प्राप्त करना था।


इस दौरान गलगल चौक से डुमरा मोहन चौक तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर रैयत किसानों एवं ग्रामीणों ने अपनी मांगें रखीं। लोगों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन का अधिग्रहण सड़क के दोनों ओर से किया जाए, ताकि किसी एक तरफ के भू-धारियों पर अधिक प्रभाव न पड़े।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने से पहले सड़क की वास्तविक सरकारी जमीन की विधिवत नापी कराई जाए। इसके साथ ही भू-धारियों को मिलने वाले मुआवजे की राशि का निर्धारित दर भी सार्वजनिक किया जाए, ताकि रैयतों को अपनी जमीन के बदले मिलने वाले मुआवजे की स्पष्ट जानकारी मिल सके।


जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने लोगों की बातों और सुझावों को सुना तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य से क्षेत्र में आवागमन सुविधा बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
*वोटरलिस्ट पुनरीक्षण के विरोध में भाकपा माले का प्रतिरोध मार्च, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका – Doorbeen News*
वोटरलिस्ट पुनरीक्षण के विरोध में भाकपा माले का प्रतिरोध मार्च, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका







One Comment