व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सिंघिया थाना अंतर्गत महरा पंचायत के लक्ष्मीनिया गांव में मंगलवार को निजी जमीन से रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक ही पक्ष के आठ लोग घायल हो गए। मारपीट के बाद परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया में भर्ती कराया। घायलों का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार किया गया।
घायलों की पहचान लक्ष्मीनिया गांव निवासी पृथ्वीचंद यादव के पुत्र राजा कुमार यादव, रामचंद्र यादव, पृथ्वीचंद यादव, राजा कुमार यादव की पत्नी संगीता देवी, रामचंद्र यादव की पत्नी रंजन देवी, जगदेव यादव की पत्नी फूलों देवी, संतोष यादव की पत्नी पूजा देवी तथा रामचंद्र यादव की पुत्री सुधीरा कुमारी के रूप में हुई है।


घटना के संबंध में घायलों के परिजनों का कहना है कि निजी जमीन से आठ फीट चौड़ा रास्ता देने की बात कही जा रही थी। इसके बावजूद पड़ोसी पक्ष की ओर से 12 फीट चौड़ा रास्ता देने की मांग की जा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 12 फीट रास्ता देने से इन्कार करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट कर दी, जिसमें परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए पीएचसी सिंघिया लाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


इस संबंध में थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि लक्ष्मीनिया गांव में मारपीट की घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच पड़ताल के लिए पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

*आवास सूची में अपात्र लाभुकों का नाम नहीं जोड़ें : बीडीओ – Doorbeen News*







